करैला डेरा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवकों को कुचला, एक की मौके पर मौत, दूसरा वाराणसी रेफर
राजपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। चौसा-कोचस मुख्य मार्ग पर करैला डेरा गांव के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। हादसा इतना भयावह था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।


केटी न्यूज/राजपुर
राजपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। चौसा-कोचस मुख्य मार्ग पर करैला डेरा गांव के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। हादसा इतना भयावह था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।मृत युवक की पहचान रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र अंतर्गत कंजर गांव निवासी उमेश चौधरी के 28 वर्षीय पुत्र निरंजन चौधरी के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक उसी गांव का सनी कुमार बताया जा रहा है, जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है।जानकारी के अनुसार निरंजन चौधरी गुरुवार की शाम अपने परिजनों को ट्रेन पकड़वाने के लिए बक्सर रेलवे स्टेशन गया था।

परिजनों को विदा करने के बाद वह अपने साथी सनी कुमार के साथ बाइक से गांव लौट रहा था। इसी दौरान करैला डेरा गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सड़क पर दूर जा गिरी और निरंजन ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। घायल सनी कुमार दर्द से कराहता रहा। चीख-पुकार सुन आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।

राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया गया है तथा फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही मृतक के गांव कंजर में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जवान बेटे की अचानक मौत से पूरा गांव शोक में डूब गया है।

