बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव से गूंजा ब्रह्मपुर धाम

सावन शिवरात्रि के पावन अवसर पर मंगलवार को पूरा ब्रह्मपुर क्षेत्र भगवान शिव की भक्ति में डूबा रहा। सुबह की पहली किरण के साथ ही शिवालयों के पट खुलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। प्रसिद्ध ब्रह्मपुर धाम स्थित बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर में आस्था का विशेष नजारा देखने को मिला।

बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव से गूंजा ब्रह्मपुर धाम

__ सावन शिवरात्रि पर भोर से ही शिवालयों में लगी भक्तों की कतार, गंगाजल से जलाभिषेक कर श्रद्धालुओं ने मांगी सुख-समृद्धि की कामना

केटी न्यूज/ब्रह्मपुर।

सावन शिवरात्रि के पावन अवसर पर मंगलवार को पूरा ब्रह्मपुर क्षेत्र भगवान शिव की भक्ति में डूबा रहा। सुबह की पहली किरण के साथ ही शिवालयों के पट खुलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। प्रसिद्ध ब्रह्मपुर धाम स्थित बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर में आस्था का विशेष नजारा देखने को मिला। दूर-दराज से पहुंचे कांवड़ियों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, मंदार व पुष्प अर्पित कर बाबा भोलेनाथ का विधिवत जलाभिषेक किया। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव, ओम नमः शिवाय और बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा।

__कांवड़ियों के गेरुआ रंग से रंगा धाम

सावन शिवरात्रि को लेकर ब्रह्मपुर धाम में तड़के से ही श्रद्धालुओं की कतार लगनी शुरू हो गई थी। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, भक्तों की संख्या बढ़ती गई। कांवड़ियों के गेरुआ वस्त्र और हाथों में पवित्र गंगाजल से भरे पात्र पूरे धाम को शिवमय बना रहे थे। घंटों कतार में खड़े रहकर अपनी बारी की प्रतीक्षा करने के बावजूद श्रद्धालुओं में उत्साह कम नहीं हुआ। भक्तों ने बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ के दरबार में शीश नवाकर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की।

__ व्यवस्था संभालने में जुटा रहा प्रशासन

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई। पुलिस बल के जवान लगातार भीड़ को व्यवस्थित करने में जुटे रहे। वहीं, किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी मुस्तैद रहीं।

__ शिवालयों में दिनभर गूंजे मंत्र और घंटियां

ब्रह्मपुर धाम के अलावा आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के शिवालयों में भी दिनभर विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और धार्मिक अनुष्ठानों का दौर चलता रहा। शाम को मंदिरों में भगवान शिव का भव्य श्रृंगार कर महाआरती की गई। दीपों और फूलों से सजे शिवालयों में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से आरती में भाग लिया। इसके बाद प्रसाद का वितरण हुआ। सावन शिवरात्रि के धार्मिक माहौल ने पूरे क्षेत्र को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।