वामन द्वादशी पर आस्था का उमड़ा सैलाब, भव्य रथयात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने खींचा भगवान वामन का रथ
वामन द्वादशी के पावन अवसर पर बुधवार को बक्सर में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। भगवान वामन चेतना मंच के तत्वावधान में भगवान वामन जयंती महोत्सव के तहत शहर में भव्य रथयात्रा निकाली गई। सुसज्जित रथ पर विराजमान भगवान वामन के दर्शन के लिए सड़क के दोनों किनारों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।


__ रामेश्वर नाथ मंदिर से वामन धाम तक गूंजता रहा जयघोष, जगह-जगह पुष्पवर्षा और आरती से हुआ स्वागत
केटी न्यूज/बक्सर।
वामन द्वादशी के पावन अवसर पर बुधवार को बक्सर में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। भगवान वामन चेतना मंच के तत्वावधान में भगवान वामन जयंती महोत्सव के तहत शहर में भव्य रथयात्रा निकाली गई। सुसज्जित रथ पर विराजमान भगवान वामन के दर्शन के लिए सड़क के दोनों किनारों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। रथ की रस्सी खींचने के लिए भक्तों में होड़ लगी रही और पूरे मार्ग में ‘जय वामन भगवान’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।रथयात्रा का शुभारंभ रामरेखा घाट स्थित श्रीरामेश्वर नाथ मंदिर से वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। कृष्णानंद शास्त्री के नेतृत्व में पूजन के बाद भगवान वामन का रथ शहर भ्रमण के लिए रवाना हुआ।

भगवान वामन चेतना मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मृत्युंजय तिवारी और उपाध्यक्ष प्रकाश पांडेय के नेतृत्व में निकली यात्रा में बिहार के विभिन्न जिलों के साथ उत्तर प्रदेश से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।रामेश्वर नाथ मंदिर से निकली रथयात्रा पीपी रोड, यमुना चौक, मुनीम चौक, नगर थाना होते हुए किला मैदान और जेल रोड के रास्ते सोमेश्वर स्थान स्थित भगवान वामन धाम पहुंची। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने रथ पर पुष्पवर्षा की और आरती उतारकर भगवान वामन का स्वागत किया। गाजे-बाजे के बीच आगे बढ़ती रथयात्रा में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़ देखते ही बन रही थी।

वामन धाम पहुंचने पर भगवान की आरती की गई तथा श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण हुआ। पूरे दिन वामन धाम में पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। इस अवसर पर ‘भगवान वामन चेतना मंच : एक छोटे से संकल्प से विशाल कारवां तक’ पुस्तक का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रमोद चौबे ने किया। अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मृत्युंजय तिवारी ने भगवान वामन पंचकोसी कॉरिडोर विकसित करने तथा बक्सर धाम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग उठाई।

संतों ने बताया बक्सर को भगवान वामन की जन्मस्थली
कार्यक्रम में संतों ने कहा कि भगवान विष्णु के प्रमुख अवतारों में वामन अवतार का विशेष महत्व है। मान्यता के अनुसार भगवान वामन ने राजा बलि से तीन पग भूमि मांगकर दो पग में समस्त सृष्टि को नाप लिया और तीसरे पग में राजा बलि को समर्पित कर दिया। संतों ने कहा कि सिद्धाश्रम, वामनाश्रम और बक्सर को भगवान वामन की जन्मस्थली के रूप में मान्यता प्राप्त है। परंपरा के अनुसार वामन द्वादशी पर गंगा और ठोरा नदी के संगम पर हजारों श्रद्धालु स्नान कर भगवान वामन की पूजा-अर्चना करते हैं।रथयात्रा में बसाव पीठाधीश्वर अच्युत प्रपन्नाचार्य जी महाराज, महंत राजाराम शरण दास, मधुसूदनाचार्य जी महाराज, श्याम सुंदर दास जी महाराज, पूर्व मंत्री अश्विनी चौबे, सांसद सुधाकर सिंह, विधायक आनंद मिश्र, पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी समेत अनेक संत, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।

