डुमरांव में पर्वों को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति व्यवस्था के लिए कड़े निर्देश

आगामी ईद और रामनवमी पर्व को लेकर डुमरांव में प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मंगलवार को थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक में अधिकारियों ने साफ कर दिया कि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम राकेश कुमार और एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने संयुक्त रूप से की, जबकि संचालन बीडीओ संदीप कुमार पांडेय एवं थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने किया।

डुमरांव में पर्वों को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति व्यवस्था के लिए कड़े निर्देश

__ ईद और रामनवमी से पहले शांति समिति की बैठक, अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

केटी न्यूज/डुमरांव

आगामी ईद और रामनवमी पर्व को लेकर डुमरांव में प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मंगलवार को थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक में अधिकारियों ने साफ कर दिया कि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम राकेश कुमार और एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने संयुक्त रूप से की, जबकि संचालन बीडीओ संदीप कुमार पांडेय एवं थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने किया।बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और बुद्धिजीवियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पर्वों के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है।

अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जुलूस के दौरान डीजे के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और किसी भी प्रकार के शस्त्र प्रदर्शन की अनुमति नहीं होगी।प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि बिना अनुमति कोई भी जुलूस नहीं निकाला जा सकेगा। सभी आयोजकों को पूर्व निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार ही कार्यक्रम करना होगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि इस बार पर्वों के दौरान निगरानी व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है।विशेष रूप से सोशल मीडिया पर नजर रखने की बात कही गई। एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि अफवाह फैलाने या भ्रामक जानकारी साझा करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अपुष्ट खबर पर विश्वास न करें और संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना प्रशासन को दें।एसडीएम राकेश कुमार ने कहा कि डुमरांव की पहचान हमेशा से आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द के लिए रही है। इसे बनाए रखना हर नागरिक का दायित्व है। उन्होंने बताया कि पर्वों के दौरान प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। साथ ही एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं को भी अलर्ट मोड पर रखा जाएगा।बैठक में मौजूद स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक कर शांति बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

अंत में बैठक का समापन इस संकल्प के साथ किया गया कि सभी मिलकर ईद और रामनवमी के पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराएंगे।बैठक में एसडीएम और डीएसपी के अलावे डुमरा बीडीओ संदीप कुमार पांडे, थाना अध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा, श्री महावीर झंडा पूजा समिति के संयोजक गुप्तेश्वर प्रसाद, मनोज केसरी, भाजपा के जिला प्रवक्ता शक्ति राय, भाजपा युवा मोर्चा के प्रांतीय नेता दीपक यादव, रेड क्रॉस के सचिव शत्रुघ्न प्रसाद उर्फ मोहन गुप्ता, विकास पाठक, संटू मित्रा, अभिषेक कुमार, विजय सिन्हा, नगर परिषद के प्रधान सहायक दुर्गेश सिंह समेत शांति समिति के सदस्य मौजूद थे।