जल संरक्षण और रक्तदान में उल्लेखनीय योगदान पर अजय राय को मिला राष्ट्रीय सम्मान

सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों के माध्यम से अपनी अलग पहचान बना चुके डुमरांव के युवा समाजसेवी अजय राय को जल संरक्षण और रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में विकास फैमिली क्लब द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार एवं सम्मान समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।

जल संरक्षण और रक्तदान में उल्लेखनीय योगदान पर अजय राय को मिला राष्ट्रीय सम्मान

__ हिमाचल प्रदेश के सोलन में आयोजित समारोह में मिला सम्मान, जिले का नाम राष्ट्रीय मंच पर किया गौरवान्वित

केटी न्यूज/डुमरांव :

सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों के माध्यम से अपनी अलग पहचान बना चुके डुमरांव के युवा समाजसेवी अजय राय को जल संरक्षण और रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में विकास फैमिली क्लब द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार एवं सम्मान समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। अजय राय को मिले इस सम्मान से क्षेत्र में खुशी का माहौल है तथा उनके शुभचिंतकों और ग्रामीणों ने इसे जिले के लिए गौरव का विषय बताया है।कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से शिक्षा, समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।

बक्सर जिले से अजय राय एकमात्र ऐसे युवा रहे, जिनका चयन इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए किया गया। समारोह में उनके जल संरक्षण अभियान तथा रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के प्रयासों की विशेष सराहना की गई।अजय राय को सोलन के उप समाहर्ता राजेंद्र वर्मा, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार प्रसार, डाइट प्रधानाध्यापक गीतांजलि कश्यप, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी हरिराम चंदेल तथा समाजसेवी श्रीबाघ सिंह ने संयुक्त रूप से मोमेंटो, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में देशभर से आए सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षकों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अजय राय बचपन से ही सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। पर्यावरण संरक्षण, जल बचाओ अभियान और रक्तदान जैसे जनहित के कार्यों में उनकी निरंतर भागीदारी ने उन्हें युवाओं के बीच प्रेरणास्रोत बना दिया है। यही कारण है कि क्षेत्र के कई युवा उन्हें अपना आदर्श मानते हैं।गौरतलब है कि यह पहला अवसर नहीं है जब अजय राय को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला हो। इससे पूर्व भी वे विभिन्न सामाजिक और पर्यावरणीय अभियानों के लिए कई बार सम्मानित हो चुके हैं। उनके कार्यों ने न केवल जिले बल्कि पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है।

सम्मान प्राप्त करने के बाद अजय राय ने कहा कि सकारात्मक सोच और दृढ़ संकल्प के साथ किया गया कार्य हमेशा सफलता की ओर ले जाता है। उन्होंने कहा कि समाज और पर्यावरण के लिए किए जाने वाले छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव का आधार बन सकते हैं। उन्होंने इस सम्मान को जिले की जनता और अपने सहयोगियों को समर्पित करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में संस्था के सीओ मनोज मिश्रा, राष्ट्रीय अध्यक्ष सुषमा कुमारी, स्टेट कोऑर्डिनेटर आशा शर्मा, राज्य स्तरीय पुरस्कृत शिक्षिका भागीरथी शर्मा, प्रदीप शर्मा, बबीता सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।