लापता अधेड़ की नहर में मिली लाश, हादसा या कुछ और? जांच में जुटी पुलिस
राजपुर थाना क्षेत्र के बारूपुर पंचायत के बभनी गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब गुरुवार शाम से लापता एक अधेड़ व्यक्ति का शव शुक्रवार सुबह नहर में उतराता मिला। शव की पहचान बभनी गांव निवासी बिनोद मुसहर (50 वर्ष), पिता डोमन मुसहर के रूप में हुई है। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

__गुरुवार शाम से घर से था गायब, शुक्रवार सुबह भरखरा के पास नहर में उतराता मिला शव; पांच बेटियों और एक बेटे के सिर से उठा पिता का साया
केटी न्यूज/बक्सर।
राजपुर थाना क्षेत्र के बारूपुर पंचायत के बभनी गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब गुरुवार शाम से लापता एक अधेड़ व्यक्ति का शव शुक्रवार सुबह नहर में उतराता मिला। शव की पहचान बभनी गांव निवासी बिनोद मुसहर (50 वर्ष), पिता डोमन मुसहर के रूप में हुई है। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।बताया जाता है कि बिनोद मुसहर गुरुवार की शाम से ही घर से गायब थे। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो उठे और अपने स्तर से उनकी तलाश शुरू की। रातभर खोजबीन के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच शुक्रवार की सुबह भरखरा गांव के पश्चिम स्थित नहर में ग्रामीणों की नजर पानी में उतराते शव पर पड़ी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान बिनोद मुसहर के रूप में की।

घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नहर से निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया।पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि नहर पार करने के दौरान पैर फिसलने के कारण बिनोद गहरे पानी में चले गए होंगे और डूबने से उनकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस ने मौत के कारणों को लेकर अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

__ परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बिनोद की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पांच बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। परिजनों के अनुसार परिवार में कमाने वाले प्रमुख सदस्य की मौत से बच्चों के सामने रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है। अचानक हुई इस मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। घर में चीख-पुकार मची हुई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

