17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, बिहार में चलेगा योजनाओं से जनभागीदारी तक का महाअभियान
बिहार में सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव बिहार प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई।


__ मुख्य सचिव ने 13 प्रमुख घटकों की तैयारियों की समीक्षा की, मार्च 2027 तक मरम्मत और नए निर्माण कार्य पूरा करने की समय-सीमा तय
केटी न्यूज/बक्सर
बिहार में सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव बिहार प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के प्रधान सचिव एवं सचिव उपस्थित रहे, जबकि सभी जिलों के जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। मुख्य सचिव ने अभियान के सभी 13 प्रमुख घटकों की विभागवार समीक्षा करते हुए तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत राज्य के प्रत्येक घर के साथ हर जिले के कम से कम 10 प्रमुख एवं प्रतीकात्मक सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक दीप प्रज्वलन कराया जाएगा।

जीविका, नगर निकाय और जन वितरण प्रणाली के माध्यम से लाभार्थियों तक दीये पहुंचाए जाएंगे।वहीं, 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक सरकारी एवं निजी स्कूलों में ‘सेवा चित्र’ के तहत ‘विकसित भारत संकल्प’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। इसी दौरान अभिभावक-शिक्षक बैठक भी आयोजित की जाएगी। ‘सेवा स्मरण’ के तहत पिछले 25 वर्षों की सेवा योजनाओं और कार्यों पर आधारित 18 से 20 नाट्य टोलियां गठित कर स्कूलों, कॉलेजों एवं पंचायतों में नुक्कड़ नाटक कराया जाएगा। दो अक्टूबर को विशेष मंचन होगा।25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन का मिलन’ के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय आयोजन होंगे।

इसमें आशा व आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान, लाभार्थी माताओं से संवाद, बच्चों की गतिविधियां तथा पोषण एवं स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।सरकारी योजनाओं से बदली जिंदगी की वास्तविक तस्वीर सामने लाने के लिए ‘कहानी बदलाव की’ के तहत रील्स और लघु वीडियो का डिजिटल डेटा बैंक तैयार होगा। वहीं ‘सेवा ज्योति यात्रा’ में पदयात्रा, साइकिल और बाइक रैलियां निकाली जाएंगी। इनमें ‘मेरा युवा भारत’ के स्वयंसेवक भाग लेंगे और ‘विकसित भारत 2047’ का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत ब्लॉक एवं विधानसभा स्तर पर ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर लगेंगे, जहां केंद्र की 26 प्रमुख योजनाओं समेत अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का मौके पर लाभ दिलाया जाएगा। इसके अलावा तालाबों व छठ घाटों की सफाई, पौधरोपण समेत 25 स्वच्छता गतिविधियां भी होंगी।

__ मार्च 2027 तक पूरा होगा कायाकल्प
मुख्य अभियान के साथ 17 सितंबर 2026 से मार्च 2027 तक ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ भी चलेगा। इसके तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, नगर विकास समेत विभिन्न विभागों के कार्य होंगे। सभी मरम्मत कार्य 30 नवंबर तक, सरकारी भवनों का रंग-रोगन दीपावली तक और स्वीकृत नए निर्माण कार्य मार्च 2027 तक पूरा करने की सख्त समय-सीमा तय की गई है।

