शॉर्ट सर्किट से सुलगी बैंक ऑफ इंडिया शाखा, कंप्यूटर व दस्तावेज जले
डुमरांव प्रखंड क्षेत्र के सोवा स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में गुरूवार की शाम अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हादसे में बैंक के कई कंप्यूटर व जरूरी कागजात जलकर नष्ट हो गए, हालांकि राहत की बात यह रही कि कैश सुरक्षित बचा लिया गया।
-- ग्रामीणों की तत्परता से टला बड़ा हादसा, नगदी सुरक्षित
केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव प्रखंड क्षेत्र के सोवा स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में गुरूवार की शाम अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हादसे में बैंक के कई कंप्यूटर व जरूरी कागजात जलकर नष्ट हो गए, हालांकि राहत की बात यह रही कि कैश सुरक्षित बचा लिया गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब सात बजे बैंक भवन से धुआं उठता देख आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। कुछ ही देर में धुआं तेज लपटों में बदल गया और आग ने बैंक के अंदरूनी हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।

सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुट गए और तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।घटना की जानकारी मिलते ही कृष्णाब्रह्म थाना के सब इंस्पेक्टर अनिल कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों की मदद से आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था। बाद में पहुंची अग्निशमन टीम ने शेष बची चिंगारियों को पूरी तरह बुझाया।शाखा प्रबंधक तरुण कुमार ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर आग का कारण बिजली की शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है।

आग की चपेट में आने से कंप्यूटर सिस्टम, फर्नीचर और कुछ आवश्यक दस्तावेज क्षतिग्रस्त हुए हैं, लेकिन बैंक की नगदी पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि बैंकिंग कार्य को शीघ्र सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।घटना के बाद बैंक परिसर में देर रात तक लोगों की भीड़ लगी रही। स्थानीय लोगों की सक्रियता और समय रहते किए गए प्रयासों से बड़ा आर्थिक नुकसान और संभावित जानमाल की क्षति टल गई। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुट गई है, ताकि आग लगने के सटीक कारणों की पुष्टि की जा सके।

