साइबर ठगों के जाल से बचेंगे बच्चे, घर-घर पहुंचेगा सुरक्षा का संदेश
साइबर अपराध के बढ़ते खतरे के बीच बच्चों को जागरूक कर उन्हें अपने परिवार और समाज तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाने की जिम्मेदारी दी जा रही है। इसी उद्देश्य से मंगलवार को साइबर मंगलवार अभियान के तहत पुराना भोजपुर स्थित मध्य विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

__ पुराना भोजपुर के मध्य विद्यालय में पुलिस ने लगाई साइबर सुरक्षा की पाठशाला, ओटीपी से लेकर संदिग्ध लिंक तक के खतरों से कराया अवगत
केटी न्यूज/डुमरांव
साइबर अपराध के बढ़ते खतरे के बीच बच्चों को जागरूक कर उन्हें अपने परिवार और समाज तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाने की जिम्मेदारी दी जा रही है। इसी उद्देश्य से मंगलवार को साइबर मंगलवार अभियान के तहत पुराना भोजपुर स्थित मध्य विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। नया भोजपुर थाने की पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को साइबर ठगी के बदलते तरीकों और उससे बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी।कार्यक्रम का नेतृत्व नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मोबाइल और इंटरनेट का इस्तेमाल सुविधाजनक होने के साथ-साथ सावधानी भी मांगता है। साइबर अपराधी फोन कॉल, मैसेज, सोशल मीडिया और फर्जी लिंक के जरिए लोगों को झांसे में लेकर उनकी निजी व बैंकिंग जानकारी हासिल कर आर्थिक नुकसान पहुंचा रहे हैं।

ऐसे में अनजान नंबर से आए फोन या संदेश पर तत्काल भरोसा करने के बजाय उसकी सत्यता जांचना जरूरी है।पुलिस ने बच्चों को स्पष्ट रूप से बताया कि ओटीपी, एटीएम/डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंक डिटेल, पासवर्ड और निजी सूचनाएं किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान एप डाउनलोड करने से भी बचने की सलाह दी गई। सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने के खतरों के प्रति भी बच्चों को सचेत किया गया।पुलिस ने कहा कि साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर ठगी की रकम को रोकने का प्रयास किया जा सके। बच्चों से अपील की गई कि वे खुद जागरूक बनें और अपने माता-पिता समेत आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति सचेत करें।कार्यक्रम में बच्चों ने साइबर अपराध से जुड़े सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने जवाब दिया। मौके पर प्राचार्य मो. फिरोज सहित विद्यालय के शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

