हरिनाम की धुन में डूबा तालेश्वर नाथ धाम, शिवभक्ति में झूमे श्रद्धालु

श्रावण मास की शिवरात्रि पर नियाजीपुर गांव स्थित तालेश्वर नाथ मंदिर आस्था और भक्ति का केंद्र बना रहा। भगवान भोलेनाथ की आराधना के लिए मंदिर परिसर में आयोजित हरिनाम संकीर्तन में श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। भक्ति गीतों और संकीर्तन की स्वर लहरियों से मंदिर परिसर ही नहीं, आसपास का पूरा इलाका भक्तिमय हो उठा।

हरिनाम की धुन में डूबा तालेश्वर नाथ धाम, शिवभक्ति में झूमे श्रद्धालु

__ श्रावणी शिवरात्रि पर नियाजीपुर में हुआ विशेष संकीर्तन, हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा मंदिर परिसर

केटी न्यूज/सिमरी।

श्रावण मास की शिवरात्रि पर नियाजीपुर गांव स्थित तालेश्वर नाथ मंदिर आस्था और भक्ति का केंद्र बना रहा। भगवान भोलेनाथ की आराधना के लिए मंदिर परिसर में आयोजित हरिनाम संकीर्तन में श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। भक्ति गीतों और संकीर्तन की स्वर लहरियों से मंदिर परिसर ही नहीं, आसपास का पूरा इलाका भक्तिमय हो उठा। इस दौरान हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से वातावरण शिवमय बना रहा।श्रावणी शिवरात्रि के अवसर पर तालेश्वर नाथ मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन किया गया था। सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। भक्तों ने भगवान शिव का दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और मंगल की कामना की। इसके बाद हरिनाम संकीर्तन में श्रद्धालु शामिल हुए और भक्ति के रंग में सराबोर होते चले गए।हरिनाम संकीर्तन में बिहार और उत्तर प्रदेश के चर्चित कीर्तन गायकों ने अपनी प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को खूब झुमाया।

मुन्ना उपाध्याय, राजधानी मिश्रा और बंटी मिश्रा की भक्ति प्रस्तुतियों ने माहौल में आध्यात्मिक ऊर्जा भर दी। संकीर्तन के दौरान श्रद्धालु भगवान के नाम का जाप करते हुए भक्ति में लीन नजर आए। मंदिर परिसर में देर तक भजन-कीर्तन और जयघोष की गूंज सुनाई देती रही।धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में पुजारी प्रभुनाथ मिश्र के साथ रविकांत पाठक, अनीश पाठक (पत्रकार), महाबली दुबे, अभिषेक पाठक, श्रीकांत पाठक, अर्जुन दास (गुड्डू बाबा), बटुकनाथ दुबे, मुन्ना दुबे, समीर पाठक, लाला पाठक, अमित पाठक, आशीष पाठक, अग्नि पाठक (बाला), लालटू पाठक, मनोज मधुकर, नंदकिशोर पाठक, पिंटू पाठक और सोनू पाठक सहित अन्य लोगों का सहयोग रहा।आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सक्रिय भागीदारी ने धार्मिक उत्सव को और भव्य बना दिया। हरिनाम संकीर्तन के माध्यम से तालेश्वर नाथ धाम में श्रावणी शिवरात्रि की आध्यात्मिक छटा देखते ही बनी।