चौसा में मोहम्मदिया जुलूस ने दिया सौहार्द का संदेश
ईद मिलादुन्नबी के मौके पर बुधवार को चौसा में आस्था और सामाजिक सौहार्द का संगम देखने को मिला। इस्लामिया कमिटी चौसा के तत्वावधान में मोहम्मदिया जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शामिल होकर अमन, भाईचारे और इंसानियत का संदेश दिया। जुलूस को लेकर सुबह से ही नगर में उत्साह का माहौल बना रहा।

__ पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की यौमे पैदाइश पर उमड़ा अकीदतमंदों का हुजूम, पुलिस की कड़ी निगरानी में शांतिपूर्ण ढंग से निकला जुलूस
केटी न्यूज/चौसा।
ईद मिलादुन्नबी के मौके पर बुधवार को चौसा में आस्था और सामाजिक सौहार्द का संगम देखने को मिला। इस्लामिया कमिटी चौसा के तत्वावधान में मोहम्मदिया जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शामिल होकर अमन, भाईचारे और इंसानियत का संदेश दिया। जुलूस को लेकर सुबह से ही नगर में उत्साह का माहौल बना रहा।बहादुरपुर से शुरू हुआ जुलूस नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और मोहल्लों से होकर गुजरा। जुलूस में बच्चे, युवा और बुजुर्ग हाथों में हरे झंडे लेकर शामिल हुए। इस दौरान मुख्य मार्ग ‘आका की आमद मरहबा’ और ‘नारे तकबीर, अल्लाह-ओ-अकबर’ के नारों से गूंजता रहा। अकीदतमंदों ने नातिया कलाम पेश कर पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

जुलूस के स्वागत के लिए विभिन्न स्थानों पर लोगों की ओर से शरबत, पानी और मिठाई की व्यवस्था की गई थी। वहीं, कमिटी की ओर से भी जुलूस मार्ग को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। जुलूस में शामिल लोगों ने धार्मिक उत्साह के साथ अनुशासन और सौहार्द का परिचय दिया।खानकाही मस्जिद के इमाम मौलाना मुख्तार आलम ने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब का जीवन पूरी मानवता के लिए अमन, प्रेम, भाईचारे और इंसानियत का संदेश देता है। उनकी शिक्षाओं और जीवन आदर्शों को अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धा है।

जुलूस को लेकर मुफस्सिल थाना पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिसकर्मी पूरे जुलूस मार्ग पर तैनात रहे और गतिविधियों पर नजर बनाए रखी। शांतिपूर्ण वातावरण में जुलूस का समापन दुआ-खैर के साथ हुआ। मौके पर उप चेयरमैन प्रतिनिधि विकास राज, थानाध्यक्ष शम्भू भगत समेत बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।

