जय श्री राम के नारों से गूंजा डुमरांव, युवाओं ने दिखाई एकता की ताकत

रामनवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को डुमरांव की सड़कों पर आस्था, उत्साह और ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वावधान में आयोजित भव्य मोटरसाइकिल शोभायात्रा ने पूरे नगर को “जय श्री राम” और “वंदे मातरम” के गगनभेदी नारों से गुंजायमान कर दिया।

जय श्री राम के नारों से गूंजा डुमरांव, युवाओं ने दिखाई एकता की ताकत

__ रामनवमी पर विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल की भव्य बाइक शोभायात्रा, हजारों की भागीदारी; चाक-चौबंद रही सुरक्षा व्यवस्था

केटी न्यूज/डुमरांव :

रामनवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को डुमरांव की सड़कों पर आस्था, उत्साह और ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वावधान में आयोजित भव्य मोटरसाइकिल शोभायात्रा ने पूरे नगर को “जय श्री राम” और “वंदे मातरम” के गगनभेदी नारों से गुंजायमान कर दिया।सुबह से ही सैकड़ों बाइक सवार युवा भगवा ध्वज के साथ एकत्रित होने लगे। देखते ही देखते यह संख्या हजारों में बदल गई और पूरा शहर एक विशाल कारवां में तब्दील हो गया।शोभायात्रा नगर पंचित मां काली आश्रम से शुरू हो नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई आगे बढ़ी, जहां जगह-जगह स्थानीय लोगों ने फूलों की वर्षा कर और स्वागत द्वार बनाकर इसका अभिनंदन किया।

इस दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। अनुशासन के साथ चल रही इस शोभायात्रा में भक्ति और जोश का अनूठा मेल नजर आया।डीजे की धुनों पर देशभक्ति और धार्मिक गीतों के बीच युवा झूमते नजर आए, वहीं कई जगहों पर लोगों ने जलपान की भी व्यवस्था की थी।कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि इस तरह के आयोजन समाज में एकता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय भावना को मजबूत करने का कार्य करते हैं। प्रखंड अध्यक्ष संटू मित्रा ने कहा कि डुमरांव में हर वर्ष रामनवमी पर यह बाइक शोभायात्रा निकाली जाती है, और इस बार भी इसे भव्य रूप दिया गया है। उन्होंने सभी युवाओं और कार्यकर्ताओं के उत्साह की सराहना की।

इस भव्य आयोजन में कार्यक्रम अध्यक्ष विकास कुमार, प्रखंड महासचिव अभिषेक रंजन समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं राज परिवार के शिवांग विजय सिंह, दीपक यादव, मगन राय, सोनू राय, राजीव कुमार, संतोष कुमार, संतोष शाह, लालजी केसरी, आशीष कुमार, राहुल कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता सक्रिय रूप से शामिल रहे।शोभायात्रा का नेतृत्व संटू मित्रा, विकास पाठक, शक्ति राय और दीपक यादव जैसे दर्जनों युवाओं ने संभाला, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम को व्यवस्थित और अनुशासित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

__ चप्पे-चप्पे पर तैनात रही पुलिस, शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ आयोजन

शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह मुस्तैद रही। डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस बल हर मोर्चे पर तैनात रहा। जुलूस के आगे और पीछे लगातार पुलिस गश्ती दल मौजूद रहा, जिससे कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।पुलिस प्रशासन की सतर्कता और आयोजकों के अनुशासन के कारण पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। आयोजन के सफल समापन के बाद प्रशासन ने भी राहत की सांस ली।अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, स्थानीय नागरिकों एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपसी सहयोग और समन्वय से ही इस प्रकार के भव्य आयोजन सफल हो पाते हैं।