नाला जाम, खेत जलमग्न : रघुनाथपुर में अतिक्रमण ने बढ़ाई किसानों की मुश्किलें
ब्रह्मपुर प्रखंड की रघुनाथपुर पंचायत में सरकारी नाले पर अतिक्रमण और लंबे समय से सफाई नहीं होने का खामियाजा अब ग्रामीणों के साथ किसानों को भी भुगतना पड़ रहा है। जल निकासी की व्यवस्था बाधित होने से बारिश का पानी गांव और खेतों में जमा हो रहा है।

__ सैकड़ों बीघा में धान की रोपनी प्रभावित, फसल सड़ने का खतरा; ग्रामीणों ने प्रशासन से मांगा स्थायी समाधान
केटी न्यूज/ब्रह्मपुर।
ब्रह्मपुर प्रखंड की रघुनाथपुर पंचायत में सरकारी नाले पर अतिक्रमण और लंबे समय से सफाई नहीं होने का खामियाजा अब ग्रामीणों के साथ किसानों को भी भुगतना पड़ रहा है। जल निकासी की व्यवस्था बाधित होने से बारिश का पानी गांव और खेतों में जमा हो रहा है। पश्चिम बधार समेत आसपास के सैकड़ों बीघा कृषि क्षेत्र में जलभराव के कारण धान की रोपनी प्रभावित हुई है। वहीं, कई जगहों पर पहले से रोपे गए धान के पौधों के खराब होने का खतरा मंडरा रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि रघुनाथपुर बाजार स्थित केनरा बैंक के समीप से होकर गुजरने वाला सरकारी नाला गांव के वर्षा जल निकासी का प्रमुख माध्यम है। यह नाला आगे छेरा नदी में जाकर मिलता है। इसके माध्यम से रघुनाथपुर बाजार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, विभिन्न वार्डों तथा आसपास के खेतों का पानी निकलता है।

लेकिन नाले के कई हिस्सों पर अतिक्रमण, मिट्टी भराई और लंबे समय से उड़ाही नहीं होने के कारण इसकी जल निकासी क्षमता काफी कम हो गई है।स्थिति यह है कि हल्की बारिश के बाद ही सड़क, गलियों और खेतों में पानी जमा हो जाता है। खेतों में लंबे समय तक पानी लगे रहने से किसानों की खेती प्रभावित हो रही है। धान की रोपनी के महत्वपूर्ण समय में जलभराव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते नाले की सफाई नहीं हुई तो फसल के साथ किसानों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ेगा।जलभराव के कारण ग्रामीणों के आवागमन में भी परेशानी हो रही है। जमा पानी से गंदगी और मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से बीमारी फैलने की आशंका भी बनी हुई है।

समस्या के समाधान को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता शैलेश ओझा, बबलू यादव, दिनेश सिंह, हरेंद्र यादव, पप्पू गुप्ता, ओमप्रकाश सिंह, बिपुल कुमार, कमलेश पाल समेत सैकड़ों ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी को सामूहिक आवेदन दिया है। ग्रामीणों ने सरकारी नाले का स्थल निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने, उड़ाही व सफाई कराने तथा जरूरत के अनुसार नाले का चौड़ीकरण कराने की मांग की है। आवेदन की प्रतिलिपि डीएम समेत संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी भेजी गई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो शांतिपूर्ण जनआंदोलन किया जाएगा।

