रातभर चला पुलिस का ऑपरेशन, 16 वारंटी दबोचे; बाइक लूट का फरार आरोपी भी गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में चल रहे विशेष समकालीन अभियान के तहत मुफस्सिल थाना पुलिस ने शुक्रवार की रात अपराधियों और फरार वारंटियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों और संदिग्ध ठिकानों पर हुई ताबड़तोड़ छापेमारी में पुलिस ने बाइक लूट के एक फरार आरोपी समेत कुल 16 वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया।

रातभर चला पुलिस का ऑपरेशन, 16 वारंटी दबोचे; बाइक लूट का फरार आरोपी भी गिरफ्तार

__ महदह से पकड़ा गया 2023 की बाइक लूट व छिनैती का आरोपी, विभिन्न गांवों में ताबड़तोड़ छापेमारी से अपराधियों में हड़कंप

केटी न्यूज/चौसा। 

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में चल रहे विशेष समकालीन अभियान के तहत मुफस्सिल थाना पुलिस ने शुक्रवार की रात अपराधियों और फरार वारंटियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों और संदिग्ध ठिकानों पर हुई ताबड़तोड़ छापेमारी में पुलिस ने बाइक लूट के एक फरार आरोपी समेत कुल 16 वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से फरार आरोपियों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष अभियान के तहत पुलिस टीम को अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई के लिए लगाया गया था। अभियान के दौरान पुलिस ने महदह, नदाव, चौसा, बनारपुर समेत अन्य स्थानों पर दबिश दी। इसी क्रम में महदह गांव से मनमोहन चौहान उर्फ मोहन चौहान को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, मनमोहन चौहान वर्ष 2023 में बक्सर-इटाढ़ी मुख्य मार्ग पर डीएवी स्कूल के समीप हुई बाइक लूट और छिनैती की घटना में आरोपी है। घटना के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था। पुलिस को उसकी गिरफ्तारी के लिए लंबे समय से तलाश थी। विशेष अभियान के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया।वहीं, अभियान के दौरान विभिन्न आपराधिक मामलों में न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर वांछित 15 अन्य वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।अपर थानाध्यक्ष ने कहा कि अपराध नियंत्रण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और लंबित वारंटों के निष्पादन को लेकर अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।