महादेवा घाट के पास बदहाल सड़क बनी हादसे की वजह, बाइक सवार युवक घायल
चौसा-बक्सर मुख्य मार्ग पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महादेवा घाट के समीप रविवार को सड़क दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी बाल-बाल बच गया। हादसा नए पंप हाउस के पास उस स्थान पर हुआ, जहां सड़क की खराब स्थिति के कारण बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई।
केटी न्यूज/चौसा
चौसा-बक्सर मुख्य मार्ग पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महादेवा घाट के समीप रविवार को सड़क दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी बाल-बाल बच गया। हादसा नए पंप हाउस के पास उस स्थान पर हुआ, जहां सड़क की खराब स्थिति के कारण बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई।मिली जानकारी के अनुसार मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गोपालनगर चकियां निवासी श्याम नारायण का 21 वर्षीय पुत्र सनी कुमार अपने साथी नई बाजार निवासी रुपेश कुमार के साथ बाइक से चौसा से बक्सर की ओर जा रहा था।

इसी दौरान महादेवा घाट के पास सड़क पर बने गड्ढे और उबड़-खाबड़ हिस्से में बाइक का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना में सनी कुमार को गंभीर चोटें आईं, जबकि रुपेश कुमार को मामूली चोट लगी और वह सुरक्षित बताया जा रहा है।घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल मुफस्सिल थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तेजी से घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। समय पर पुलिस की पहल से घायल को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सकी।

अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि सूचना प्राप्त होते ही वह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि फिलहाल घायल की स्थिति खतरे से बाहर है और उसका इलाज चल रहा है।स्थानीय लोगों ने बताया कि चौसा-बक्सर मार्ग पर कई स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से खराब सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

