धूल बनी बाधा, तय हेलीपैड पर नहीं उतर सका मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बक्सर दौरे के दौरान प्रशासनिक तैयारियों में बड़ी चूक भी सामने आई। तय कार्यक्रम के अनुसार उनका हेलीकॉप्टर किला मैदान में बनाए गए अस्थायी हेलीपैड पर उतरने वाला था, लेकिन अत्यधिक धूल उड़ने के कारण पायलट सुरक्षित लैंडिंग नहीं करा सका।

धूल बनी बाधा, तय हेलीपैड पर नहीं उतर सका मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर

-- कई प्रयासों के बाद एयरपोर्ट मैदान के स्थायी हेलीपैड पर करानी पड़ी लैंडिंग, प्रशासनिक तैयारियों पर उठे सवाल

केटी न्यूज/डुमरांव

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बक्सर दौरे के दौरान प्रशासनिक तैयारियों में बड़ी चूक भी सामने आई। तय कार्यक्रम के अनुसार उनका हेलीकॉप्टर किला मैदान में बनाए गए अस्थायी हेलीपैड पर उतरने वाला था, लेकिन अत्यधिक धूल उड़ने के कारण पायलट सुरक्षित लैंडिंग नहीं करा सका।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हेलीकॉप्टर ने कई बार उतरने का प्रयास किया, लेकिन धूल के घने गुबार के कारण दृश्यता प्रभावित होती रही। कुछ देर तक हेलीकॉप्टर आसमान में चक्कर लगाता रहा, ताकि स्थिति सामान्य हो सके, मगर धूल कम नहीं हुई। अंततः सुरक्षा कारणों को देखते हुए हेलीकॉप्टर को करीब चार किलोमीटर दूर हवाई अड्डा मैदान स्थित स्थायी हेलीपैड पर उतारना पड़ा।

अचानक बदली परिस्थितियों के कारण प्रशासनिक अमले में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट मैदान में पहले से वैसी सुरक्षा और प्रोटोकॉल व्यवस्था नहीं की गई थी जैसी किला मैदान में की गई थी। ऐसे में अधिकारियों को तत्काल सुरक्षा घेरा, यातायात नियंत्रण और मुख्यमंत्री के काफिले की नई रूट व्यवस्था तैयार करनी पड़ी।घटना के बाद प्रशासनिक तैयारियों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी और सूखे मौसम को देखते हुए हेलीपैड पर पहले से पानी का छिड़काव और धूल नियंत्रण की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए थी। हालांकि प्रशासन की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।इसके बावजूद मुख्यमंत्री का कार्यक्रम निर्धारित समय से थोड़ी देरी के बाद शुरू हुआ और उन्होंने सभी तय स्थलों का दौरा किया।