24 अगस्त को डुमरांव में मनाई जाएगी अरुण जेटली की पुण्यतिथि, उनके योगदान को याद करेगा समाज : रवि उज्ज्वल कुशवाहा
जदयू नेता रवि उज्ज्वल कुशवाहा ने कहा है कि पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे स्वर्गीय अरुण जेटली का व्यक्तित्व और कृतित्व देश की राजनीति तथा आर्थिक व्यवस्था के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने बताया कि आगामी 24 अगस्त को डुमरांव नगर भवन में अरुण जेटली की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई जाएगी।

__ जदयू नेता बोले— देश के आर्थिक सुधारों के शिल्पकार थे अरुण जेटली, नगर भवन में आयोजित होगा श्रद्धांजलि कार्यक्रम
केटी न्यूज/डुमरांव
जदयू नेता रवि उज्ज्वल कुशवाहा ने कहा है कि पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे स्वर्गीय अरुण जेटली का व्यक्तित्व और कृतित्व देश की राजनीति तथा आर्थिक व्यवस्था के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने बताया कि आगामी 24 अगस्त को डुमरांव नगर भवन में अरुण जेटली की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई जाएगी। जिसमें विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं प्रबुद्ध वर्ग के लोग शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।रवि उज्ज्वल कुशवाहा ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि 24 अगस्त 2019 को अरुण जेटली का निधन हुआ था। वे देश के एक कुशल अधिवक्ता, दूरदर्शी राजनेता और उत्कृष्ट संसदीय वक्ता थे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रथम कार्यकाल में वर्ष 2014 से 2019 तक वित्त एवं कॉर्पोरेट मामलों के मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई।

इससे पूर्व पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में उन्होंने रक्षा मंत्री तथा कानून एवं न्याय मंत्री के रूप में भी उल्लेखनीय सेवाएं दीं।उन्होंने कहा कि अरुण जेटली के कार्यकाल में देश में कई ऐतिहासिक आर्थिक सुधार लागू हुए। वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) तथा दिवाला एवं शोधन अक्षमता संहिता (आईबीसी) जैसे बड़े सुधारों ने भारतीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने का कार्य किया। उनके निर्णयों और दूरदर्शी सोच का प्रभाव आज भी देश की आर्थिक नीतियों में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।रवि उज्ज्वल कुशवाहा ने कहा कि लोक जीवन में उनके उत्कृष्ट एवं असाधारण योगदान को देखते हुए भारत सरकार ने वर्ष 2020 में उन्हें मरणोपरांत देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया।

यह सम्मान उनके सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान का प्रतीक है।उन्होंने कहा कि डुमरांव नगर भवन में आयोजित होने वाले पुण्यतिथि कार्यक्रम में अरुण जेटली के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से चर्चा की जाएगी तथा उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया जाएगा। उन्होंने सभी सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों एवं नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की।

