चैती छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान शुरू, श्रद्धा में डूबा डुमरांव

आस्था, साधना और सूर्याेपासना का महापर्व चैती छठ रविवार से पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ शुरू हो गया। चार दिवसीय इस पावन अनुष्ठान की शुरुआत चैत्र शुक्ल चतुर्थी तिथि पर नहाय-खाय के साथ हुई। पहले दिन व्रतियों ने पवित्र जल में स्नान कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रसाद ग्रहण कर व्रत का संकल्प लिया। पूरे अनुमंडल क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। नहाय-खाय के दिन व्रती महिलाओं ने घरों की विशेष साफ-सफाई कर पूजा स्थल को पवित्र बनाया।

चैती छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान शुरू, श्रद्धा में डूबा डुमरांव

-- नहाय-खाय के साथ हुई शुरुआत, दिखी आस्था की झलक

केटी न्यूज/डुमरांव 

आस्था, साधना और सूर्याेपासना का महापर्व चैती छठ रविवार से पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ शुरू हो गया। चार दिवसीय इस पावन अनुष्ठान की शुरुआत चैत्र शुक्ल चतुर्थी तिथि पर नहाय-खाय के साथ हुई। पहले दिन व्रतियों ने पवित्र जल में स्नान कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रसाद ग्रहण कर व्रत का संकल्प लिया। पूरे अनुमंडल क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। नहाय-खाय के दिन व्रती महिलाओं ने घरों की विशेष साफ-सफाई कर पूजा स्थल को पवित्र बनाया। इसके बाद अरवा चावल, सेंधा नमक से बनी चना दाल और लौकी की सब्जी का प्रसाद ग्रहण किया।

इस दौरान घर-घर में छठ गीतों की गूंज सुनाई दी, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा। अब सोमवार को खरना का व्रत रखा जाएगा, जिसमें व्रती दिनभर निर्जला उपवास रखकर शाम को गुड़-चावल की खीर और रोटी का प्रसाद बनाकर ग्रहण करेंगे। इसके बाद 24 मार्च को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा, जबकि 25 मार्च को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही यह महापर्व संपन्न होगा। चैती छठ को लेकर शहर के प्रमुख छठ घाटों, खासकर छठिया पोखरा पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और बैरिकेडिंग का कार्य अंतिम चरण में है।

हर वर्ष की तरह इस बार भी यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। अनुमंडल प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। घाटों पर पुलिस बल की तैनाती, गोताखोरों की व्यवस्था और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी चल रही है। साथ ही भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष रणनीति बनाई गई है, ताकि व्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इधर, चैती छठ को लेकर बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। फल मंडियों में नारियल की खेप पहुंच चुकी है, वहीं दुकानों पर सुपली, दउरा, सूप और अन्य पूजन सामग्री की बिक्री तेज हो गई है। जबकि व्रती परिवारों द्वारा भी इस माहपर्व की तैयारी युद्ध स्तर पर की जा रही है।