रामनवमी से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एंबुलेंस से लाखों की विदेशी शराब बरामद, एक गिरफ्तार

रामनवमी पर्व को लेकर सख्ती बढ़ाते हुए राजपुर थाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। चौसा-कोचस मुख्य पथ पर सरेंजा मोड़ के समीप एक एंबुलेंस से 452 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है, जिसकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। इस दौरान शराब तस्करी में संलिप्त एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।

रामनवमी से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एंबुलेंस से लाखों की विदेशी शराब बरामद, एक गिरफ्तार

केटी न्यूज/राजपुर

रामनवमी पर्व को लेकर सख्ती बढ़ाते हुए राजपुर थाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। चौसा-कोचस मुख्य पथ पर सरेंजा मोड़ के समीप एक एंबुलेंस से 452 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है, जिसकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। इस दौरान शराब तस्करी में संलिप्त एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान पटना जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सदीसोपुर गांव निवासी मोनू कुमार पिता रामविलास प्रसाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, यह खेप उत्तर प्रदेश से बिहार लाई जा रही थी और इसे पटना ले जाने की योजना थी।

थानाध्यक्ष निवास कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि एक एंबुलेंस के जरिए शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही उन्होंने पुलिस टीम के साथ सरेंजा मोड़ के पास घेराबंदी कर वाहन की जांच शुरू कर दी। तलाशी के दौरान एंबुलेंस की डिक्की से विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब—जैसे डार्क ब्लू, रॉयल स्टोर और 8 पीएम—की कई पेटियां बरामद हुईं।पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और शराब को जब्त कर लिया। इसके बाद आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की गई।

थानाध्यक्ष ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी कीमत पर तस्करी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने यह भी कहा कि रामनवमी को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। खासकर उत्तर प्रदेश से सटे इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है और गांव-गांव में चौकीदारों को अलर्ट किया गया है, ताकि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।