सुरौंधा कांड में पुलिस का बड़ा एक्शन, मुख्य आरोपित राहुल तिवारी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
डुमरांव थाना क्षेत्र के सुरौंधा गांव में अनुसूचित जाति के शिवजी राम एवं उनके परिजनों पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित राहुल तिवारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के बाद से गांव में व्याप्त तनाव और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार कार्रवाई में जुटी हुई है।

__ अनुसूचित जाति परिवार पर जानलेवा हमले के मामले में कार्रवाई तेज, अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी; पुलिस बोली—जल्द होंगे सभी सलाखों के पीछे
केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव थाना क्षेत्र के सुरौंधा गांव में अनुसूचित जाति के शिवजी राम एवं उनके परिजनों पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित राहुल तिवारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के बाद से गांव में व्याप्त तनाव और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार कार्रवाई में जुटी हुई है।थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले के मुख्य आरोपित राहुल तिवारी, पिता विनय तिवारी, निवासी सुरौंधा को रविवार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है तथा शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

गौरतलब है कि पिछले सोमवार की देर शाम सुरौंधा गांव में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। आरोप है कि शिवजी राम को पहले स्कॉर्पियो से धक्का मारा गया और विरोध करने पर उन पर तथा उनके परिजनों पर लाठी-डंडे, लोहे के रॉड और अन्य हथियारों से हमला कर दिया गया। इस घटना में शिवजी राम और उनके पुत्र समेत कई लोग घायल हुए थे, जिनमें दो की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया था।पीड़ित पक्ष ने हमलावरों पर जातिसूचक गालियां देने और जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया था। वहीं दूसरे पक्ष ने भी मारपीट और छिनैती का आरोप लगाते हुए आवेदन दिया था।

घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर जांच शुरू की थी।जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और पीड़ित पक्ष के आरोपों के आधार पर पुलिस ने राहुल तिवारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष ने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपितों की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही सभी नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।राहुल तिवारी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस कार्रवाई से पीड़ित परिवार को कुछ राहत मिली है, जबकि गांव में स्थिति सामान्य बनाए रखने के लिए पुलिस की नजर लगातार बनी हुई है।

