पैक्स अध्यक्ष सुदामा प्रसाद को बदमाशों ने मारी गोली, हालत गंभीर

सोनवर्षा थाना क्षेत्र के गिरधर बरांव गांव में मंगलवार की अहले सुबह अपराधियों ने पैक्स अध्यक्ष सुदामा प्रसाद को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए आरा एक निजी अस्पताल ले जाया, जहां उनका उपचार जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात पैक्स अध्यक्ष सुदामा प्रसाद के नेतृत्व में गांव स्थित काली मंदिर परिसर में चैता गायन का आयोजन किया गया था।

पैक्स अध्यक्ष सुदामा प्रसाद को बदमाशों ने मारी गोली, हालत गंभीर

केटी न्यूज/नावानगर

सोनवर्षा थाना क्षेत्र के गिरधर बरांव गांव में मंगलवार की अहले सुबह अपराधियों ने पैक्स अध्यक्ष सुदामा प्रसाद को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए आरा एक निजी अस्पताल ले जाया, जहां उनका उपचार जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात पैक्स अध्यक्ष सुदामा प्रसाद के नेतृत्व में गांव स्थित काली मंदिर परिसर में चैता गायन का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा। बताया जाता है कि मंगलवार की सुबह करीब चार बजे सुदामा प्रसाद शौच के लिए मंदिर परिसर से बाहर निकले थे।

इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनके जांघ में लगने की बात सामने आ रही है, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों द्वारा तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के पीछे के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है, हालांकि पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। इस संबंध में सोनवर्षा थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।