वारदात से पहले पुलिस का एक्शन, हथियारों का जखीरा जब्त; बदले की साजिश धरी रह गई
नगर थाना क्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ले में संभावित खूनी संघर्ष की आशंका को बक्सर पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई त्वरित कार्रवाई में पुलिस ने एक घर से अवैध हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।

__ शिवपुरी में छापेमारी के दौरान देसी पिस्टल, दो कट्टा व 15 कारतूस बरामद, एक गिरफ्तार; मुख्य आरोपित समेत अन्य की तलाश में लगातार दबिश
केटी न्यूज/बक्सर :
नगर थाना क्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ले में संभावित खूनी संघर्ष की आशंका को बक्सर पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई त्वरित कार्रवाई में पुलिस ने एक घर से अवैध हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार हाल में हुई मारपीट की घटना का बदला लेने के लिए हथियार जुटाए गए थे और किसी बड़ी आपराधिक वारदात की तैयारी चल रही थी।सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि शिवपुरी निवासी वरुण मिश्रा अपने साथियों के साथ मिलकर किसी गंभीर घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है।

सूचना में यह भी बताया गया था कि उसके पास अवैध हथियार मौजूद हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर तत्काल विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।पुलिस जब वरुण मिश्रा के घर पहुंची तो वह मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। हालांकि घर में मौजूद शिवानंद मिश्रा उर्फ पहाड़ी मिश्रा और प्रिंस मिश्रा को पुलिस ने घेर लिया। तलाशी के दौरान एक देसी पिस्टल, दो देसी कट्टा तथा 15 जिंदा कारतूस बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।गिरफ्तार शिवानंद मिश्रा से पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। उसने बताया कि कुछ दिन पहले बबली दूबे के एक सहयोगी के साथ हुई मारपीट में प्रिंस मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसकी हड्डी टूट गई थी।

इसी घटना का बदला लेने के उद्देश्य से हथियार मंगाए गए थे और विरोधियों पर हमला करने की तैयारी चल रही थी। पुलिस का मानना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो इलाके में बड़ी वारदात हो सकती थी।पुलिस ने शिवानंद मिश्रा के विरुद्ध आर्म्स एक्ट समेत अन्य सुसंगत धाराओं में नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं फरार मुख्य आरोपित वरुण मिश्रा तथा उसके अन्य सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।इस कार्रवाई में सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय, नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक राजीव रंजन कुमार, गुड्डी कुमारी, डीआईयू टीम तथा नगर थाना के अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।

