तीन साल बाद पुलिस को मिली सफलता, अपहरण कांड का आरोपी गिरफ्तार
नया भोजपुर थाना क्षेत्र में वर्ष 2023 में दर्ज एक अपहरण मामले में पुलिस को आखिरकार बड़ी सफलता हाथ लगी है। तीन वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई के साथ ही लंबे समय से लंबित इस मामले में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
केटी न्यूज/डुमरांव
नया भोजपुर थाना क्षेत्र में वर्ष 2023 में दर्ज एक अपहरण मामले में पुलिस को आखिरकार बड़ी सफलता हाथ लगी है। तीन वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई के साथ ही लंबे समय से लंबित इस मामले में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।पुलिस के अनुसार, आरोपी पर आरोप था कि उसने थाना क्षेत्र की एक किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। घटना के बाद पीड़िता के परिजनों ने थाना में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर अपहरण और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद से ही आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर था और लगातार फरार चल रहा था।

इस बीच पुलिस टीम ने कई बार छापेमारी की, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। हाल ही में गुप्त सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया गया, जो इस मामले में सबसे बड़ी राहत की बात मानी जा रही है।पुलिस अब आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है और किशोरी का न्यायालय में बयान दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है, जिससे पूरे मामले की सच्चाई स्पष्ट हो सके। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पुलिस के प्रति लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है, वहीं पीड़ित परिवार ने भी राहत की सांस ली है।

