जन सुनवाई में 29 आवेदन, डीएम ने अधिकारियों को दिया त्वरित निष्पादन का निर्देश
सात निश्चय-03 के तहत संचालित “सबका सम्मान-जीवन आसान” कार्यक्रम के अंतर्गत जिलाधिकारी साहिला ने सोमवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में जन सुनवाई की। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जन सुनवाई में कुल 29 आवेदन प्राप्त हुए।


केटी न्यूज/बक्सर।
सात निश्चय-03 के तहत संचालित “सबका सम्मान-जीवन आसान” कार्यक्रम के अंतर्गत जिलाधिकारी साहिला ने सोमवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में जन सुनवाई की। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जन सुनवाई में कुल 29 आवेदन प्राप्त हुए।जन सुनवाई में अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता समेत प्रखंड स्तर के संबंधित पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे। इससे विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष सीधे रखने और उनके त्वरित समाधान की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित करने में मदद मिली।

प्राप्त 29 आवेदनों में सर्वाधिक 10 आवेदन राजस्व विभाग से संबंधित थे। वहीं विकास से जुड़े 10 तथा अन्य विभागों से संबंधित 9 आवेदन प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का तत्काल निर्देश दिया।जिलाधिकारी ने कहा कि जन सुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मामलों के निस्तारण में पारदर्शिता और न्यायोचित प्रक्रिया का पूरी तरह पालन हो तथा आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े।

जिला प्रशासन की ओर से कहा गया कि जन सहभागिता और जन सुनवाई को प्राथमिकता दी जा रही है। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, प्रभावी एवं पारदर्शी समाधान के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है। जन सुनवाई को प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बताया गया।

