पेड़ से टकराई स्कार्पियो, सवार कांवरिये का एक हाथ उखड़ा, रेफर
कोरानसराय थाना क्षेत्र के गड़ही डेरा के समीप एक तेज रफ्तार स्कार्पियो सामने आ रहे वाहन से बचने के प्रयास में सड़क किनारे स्थित पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में स्कार्पियो में सवार एक कावरिये का एक हाथ उखड़ कर शरीर से अलग हो गया। घटना रविवार की शाम छह बजे की है।

-- मुरार थाना क्षेत्र के नचाप गांव का रहने वाला था कांवरियां, दोस्तों के साथ जा रहा था बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ को जलाभिषेक करने
केटी न्यूज/डुमरांव
कोरानसराय थाना क्षेत्र के गड़ही डेरा के समीप एक तेज रफ्तार स्कार्पियो सामने आ रहे वाहन से बचने के प्रयास में सड़क किनारे स्थित पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में स्कार्पियो में सवार एक कावरिये का एक हाथ उखड़ कर शरीर से अलग हो गया। घटना रविवार की शाम छह बजे की है। आनन फानन में उसका प्राथमिक इलाज डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल में कराया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर चिकित्सा क लिए उसे रेफर कर दिया गया। कांवरिये की पहचान मुरार थाना क्षेत्र के नचाप गांव निवासी लक्ष्मण कुमार के पुत्र छोटू कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सोमवारी पर गांव के ही कुछ मित्रों के साथ बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ को जलाभिषेक के लिए स्कार्पियो से बक्सर जा रहा था।

प्रत्यक्षदर्शी सूत्रों का कहना है कि स्कार्पियो का शीशी खुला था तथा उसमें सवार उक्त युवक स्टंट करते हुए जा रहा था, इसी दौरान अचानक स्कार्पियो के आगे कोई वाहन आ गया, जिससे बचने के प्रयास में स्कार्पियो पेड़ से टकरा गई तथा उसका एक हाथ उखड़ गया। हादसे के बाद स्कार्पियो सवार कांवरियों में अफरा-तफरी मच गई। उनकी चिख-पुकार सुन आस पास के लोग दौड़े-भागे पहुंचे तथा घायलों को तत्काल मदद पहुंचाई तथा कोरानसराय थाने को इस घटना की जानकारी दी। कोरानसराय थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया प्रारंभिक इलाज के बाद उसके परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए लेकर हायर सेंटर चले गए है। उन्होंने कहा कि घटना की जांच की जा रही है।

