दुर्गापूजा की रौनक के बीच मतदाता सूची सुधारने की तैयारी, पंडालों में लगेंगे विशेष कैंप
दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच प्रशासन मतदाता सूची को दुरुस्त करने की विशेष पहल करेगा। इसके तहत चौसा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न दुर्गापूजा पंडालों के समीप बीएलओ कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में लोग मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, मृत मतदाताओं के नाम हटवाने और व्यक्तिगत विवरणों में सुधार के लिए आवेदन दे सकेंगे।

__ नाम जोड़ने से लेकर मृत मतदाताओं के नाम हटाने तक की मिलेगी सुविधा, बीएलओ को आवेदन डिजिटाइज करने का निर्देश
केटी न्यूज/चौसा।
दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच प्रशासन मतदाता सूची को दुरुस्त करने की विशेष पहल करेगा। इसके तहत चौसा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न दुर्गापूजा पंडालों के समीप बीएलओ कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में लोग मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, मृत मतदाताओं के नाम हटवाने और व्यक्तिगत विवरणों में सुधार के लिए आवेदन दे सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के साथ सूची की त्रुटियों को दूर करना है।इसको लेकर शुक्रवार को चौसा प्रखंड सभागार में बीडीओ मनोज पासवान की अध्यक्षता में बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों की बैठक हुई। इसमें मतदाता सूची के अद्यतीकरण और निर्धारित प्रपत्रों के जरिए आवेदन लेने की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई।

अधिकारियों ने सभी बीएलओ को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र मतदाताओं की पहचान कर उन्हें नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करें।बैठक में बताया गया कि 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरवाया जाएगा। वहीं, मृत व्यक्तियों के नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता, उम्र, फोटो और दिव्यांगता संबंधी विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन लिए जाएंगे।

__पूजा पंडालों में ही मिलेगी आवेदन की सुविधा
दुर्गापूजा के दौरान अधिक से अधिक लोगों तक इस सुविधा को पहुंचाने के लिए पूजा पंडालों के पास विशेष कैंप लगाने का निर्णय लिया गया है। यहां तैनात बीएलओ लोगों को मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ आवेदन भी प्राप्त करेंगे। कैंपों में मिले आवेदनों को डिजिटाइज करने की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सके।बीडीओ ने बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया कि अभियान में किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में जुड़ने से वंचित नहीं रहे। साथ ही, लोगों को मतदाता सूची में उपलब्ध अपने विवरणों की जांच करने और त्रुटि मिलने पर समय रहते सुधार के लिए आवेदन देने के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।

