जीविका प्रशिक्षण में 50 महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की सीख
केसठ स्थित सरकार भवन के सभागार में शुक्रवार को जीविका के तहत महिलाओं के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कुल 50 महिलाओं ने भाग लिया और आत्मनिर्भर बनने के लिए जरूरी कौशल एवं वित्तीय प्रबंधन की जानकारी प्राप्त की।
__ दो लाख की राशि के सही उपयोग, समूह आधारित व्यवसाय और मार्केटिंग पर दिया गया विशेष जोर
केटी न्यूज/केसठ:
केसठ स्थित सरकार भवन के सभागार में शुक्रवार को जीविका के तहत महिलाओं के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कुल 50 महिलाओं ने भाग लिया और आत्मनिर्भर बनने के लिए जरूरी कौशल एवं वित्तीय प्रबंधन की जानकारी प्राप्त की।प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को दो लाख रुपये की सहायता राशि के प्रभावी उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया। प्रशिक्षकों ने कहा कि इस राशि का एक हिस्सा कौशल विकास और प्रशिक्षण गतिविधियों पर खर्च करना चाहिए, जबकि शेष राशि को छोटे-छोटे व्यवसायों में निवेश कर स्थायी आय का स्रोत बनाया जा सकता है।

महिलाओं को पशुपालन, कृषि, हस्तशिल्प एवं अन्य लघु उद्योगों से जुड़कर रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में समूह आधारित कार्य प्रणाली पर विशेष बल दिया गया। महिलाओं को स्वयं सहायता समूह बनाकर सामूहिक रूप से लेन-देन करने और व्यवसाय को आगे बढ़ाने की सलाह दी गई, जिससे जोखिम कम हो और लाभ में वृद्धि हो सके। प्रशिक्षकों ने बताया कि समूह की ताकत से महिलाएं बड़े स्तर पर कार्य कर सकती हैं और आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बन सकती हैं।इसके साथ ही उत्पादों की मार्केटिंग और प्रचार-प्रसार के महत्व को भी विस्तार से समझाया गया।

महिलाओं को स्थानीय बाजार के साथ-साथ डिजिटल माध्यमों के उपयोग के बारे में जानकारी दी गई, ताकि उनके उत्पादों को व्यापक पहचान मिल सके और आय में वृद्धि हो सके।कार्यक्रम में हेल्प डेस्क की मंजू कुमारी, रोहित, एसजेवी, मंजू देवी, सीएम अर्चना देवी, अनीता, बबीता देवी एवं एमआरपी प्रीति कुमारी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं प्रशिक्षण में गुड़िया कुमारी, रितु कुमारी समेत अन्य महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने सीखी गई जानकारियों को अपने जीवन में लागू करने का संकल्प लिया।

