नैनीजोर में सरकारी जमीन पर फसल काटने को लेकर चली गोली, अधेड़ की मौत, कुख्यात समेत तीन गिरफ्तार
अनुमंडल के नैनीजोर थाना क्षेत्र अंतर्गत गायघाट मौजा के सरकारी जमीन पर फसल कटनी को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गया, इस दौरान गोलीबारी में एक व्यक्ति को गोली लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना शनिवार की रात करीब 11 बजे की है। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं कराया गया था।

केटी न्यूज/डुमरांव
अनुमंडल के नैनीजोर थाना क्षेत्र अंतर्गत गायघाट मौजा के सरकारी जमीन पर फसल कटनी को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गया, इस दौरान गोलीबारी में एक व्यक्ति को गोली लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना शनिवार की रात करीब 11 बजे की है। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं कराया गया था।मृतक की पहचान नैनीजोर के वार्ड 09 स्थित यादव टोला निवासी 58 वर्षीय तारकेश्वर यादव पिता स्व. कैलाश यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने इस घटना के बाद स्थानीय गांव निवासी मनन तिवारी तथा हार्वेस्टर मालिक व चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

इस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच पुलिस कर रही है। एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। बता दें कि नैनीजोर के गायघाट मौजा में दशकों से जमीन विवाद चल रहा है। इस विवाद में अबतक दर्जनों जाने जा चुकी है। बताया जा रहा है कि जिस भू-खंड पर फसल कटनी को लेकर विवाद हुआ है वह सरकारी भूमि है, जिस पर लगे गेहूं की फसल को काटने के लिए तारकेश्वर यादव अपने पक्ष के लोगों के साथ रात में गया था, इसी दौरान करीब 11 बजे दूसरा पक्ष भी वहां आ धमका। जिसके बाद दोनों पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। इसी दौरान एक पक्ष से हुई गोलीबारी में तारकेश्वर के गर्दन व छाती में गोली लग गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई थी। वहीं, सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस व एसडीपीओ मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रित किये। पुलिस ने तत्काल तीन लोगों को पकड़ लिया है। इस संबंध में एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि सरकारी जमीन पर फसल काटने को लेकर विवाद हुआ है। इस मामले में कुख्यात माफिया मनन तिवारी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। एसडीपीओ ने कहा कि किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, यह घटना सरकारी जमीन पर फसल उगाने को लेकर सवालिया निशान भी खड़े कर रहे है।

