प्रतापसागर के पास ट्रक की टक्कर से युवक की गई जान, सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
नया भोजपुर थाना क्षेत्र के प्रतापसागर के समीप गुरुवार को एक बार फिर सड़क पर भारी वाहनों की मनमानी जानलेवा साबित हुई। गलत लेन में दौड़ते ट्रक ने बाइक सवार युवक की जिंदगी छीन ली, जिससे इलाके में आक्रोश और शोक का माहौल है। यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि लापरवाह ड्राइविंग और कमजोर निगरानी व्यवस्था का नतीजा माना जा रहा है।
केटी न्यूज/डुमरांव
नया भोजपुर थाना क्षेत्र के प्रतापसागर के समीप गुरुवार को एक बार फिर सड़क पर भारी वाहनों की मनमानी जानलेवा साबित हुई। गलत लेन में दौड़ते ट्रक ने बाइक सवार युवक की जिंदगी छीन ली, जिससे इलाके में आक्रोश और शोक का माहौल है। यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि लापरवाह ड्राइविंग और कमजोर निगरानी व्यवस्था का नतीजा माना जा रहा है।जानकारी के अनुसार चौगाईं निवासी जितेंद्र तुरहा (पिता– फुटानी तुरहा) किसी आवश्यक कार्य से बाइक से बक्सर जा रहे थे। प्रतापसागर के पास पहुंचते ही विपरीत दिशा से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक गलत लेन में घुस गया और सामने से टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया, जबकि सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही के बावजूद न तो ट्रैफिक नियंत्रण है और न ही लेन अनुशासन का पालन कराया जाता है। नतीजतन आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। जितेंद्र की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। लोग उसे परिवार का जिम्मेदार और मेहनती युवक बता रहे हैं।

समाजसेवी कृष्णा शर्मा ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस को सूचना दी। नया भोजपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त किया। पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक की लापरवाही सामने आ रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी।इस हादसे ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं—क्या सड़क सुरक्षा केवल कागजों तक सीमित है? कब लगेगी गलत लेन और तेज रफ्तार पर प्रभावी लगाम, ताकि किसी और घर का चिराग यूं न बुझे।

