एलपीजी आपूर्ति पर प्रशासन सख्त: 27 एजेंसियों की जांच, लाइन लगाकर सिलेंडर वितरण पर पूर्ण रोक
जिले में एलपीजी गैस आपूर्ति को पारदर्शी और सुचारु बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में गैस वितरण व्यवस्था को लेकर कई अहम निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को किसी भी हाल में परेशान नहीं होने दिया जाएगा और गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई तय है।

__ 4 दिन में 22 हजार से अधिक सिलेंडर वितरण, होम डिलीवरी अनिवार्य, कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
केटी न्यूज/बक्सर
जिले में एलपीजी गैस आपूर्ति को पारदर्शी और सुचारु बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में गैस वितरण व्यवस्था को लेकर कई अहम निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को किसी भी हाल में परेशान नहीं होने दिया जाएगा और गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई तय है।जिलाधिकारी ने बताया कि जिले की कुल 27 गैस एजेंसियों की सघन जांच के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।

प्रत्येक टीम में एक वरीय दंडाधिकारी या पदाधिकारी के साथ एक पुलिस पदाधिकारी को शामिल किया गया है, ताकि जांच प्रक्रिया निष्पक्ष और प्रभावी हो सके। इन टीमों द्वारा एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है, जिसमें वरीय और प्रखंड स्तरीय अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है।प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 13 से 16 मार्च के बीच कुल 22,283 गैस सिलेंडरों का वितरण किया जा चुका है। वहीं 16 मार्च तक एजेंसियों के पास 3,200 सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है। अधिकारियों का कहना है कि आपूर्ति की स्थिति सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।प्रेस कॉन्फ्रेंस में सबसे महत्वपूर्ण निर्देश यह दिया गया कि किसी भी स्थिति में गैस एजेंसी या गोदाम पर उपभोक्ताओं की लाइन लगाकर सिलेंडर वितरण नहीं किया जाएगा।

यदि कहीं ऐसा पाया जाता है तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने एजेंसियों को सख्ती से निर्देश दिया है कि अधिकतम होम डिलीवरी सुनिश्चित करें और बुकिंग के 2 से 3 दिनों के भीतर उपभोक्ताओं तक गैस पहुंचाएं।उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे सक्रिय रखा गया है। एलपीजी से जुड़ी किसी भी समस्या या शिकायत को उपभोक्ता फोन नंबर 06183-223333 पर दर्ज करा सकते हैं। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि हर शिकायत का त्वरित निपटारा किया जाएगा।अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर और डुमरांव को लगातार क्षेत्र भ्रमण कर गैस वितरण व्यवस्था की निगरानी करने का निर्देश दिया गया है।

वहीं जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा सभी गैस एजेंसियों के साथ नियमित बैठक कर वितरण व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। अब तक जिले में कालाबाजारी या जमाखोरी की कोई शिकायत सामने नहीं आई है, जिसे प्रशासन ने संतोषजनक बताया है।इसके अलावा सभी गैस एजेंसियों को अपने कार्यालय के बाहर सूचना पट्ट लगाने का निर्देश दिया गया है। इस पर उपलब्ध स्टॉक, किस तिथि का सिलेंडर वितरित हो रहा है और आगामी वितरण की तिथियों की स्पष्ट जानकारी प्रदर्शित करनी होगी, ताकि उपभोक्ताओं को पारदर्शी सूचना मिल सके।

ई-केवाईसी को लेकर भी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सभी एजेंसियों को कैम्प मोड में बचे हुए उपभोक्ताओं का ई-केवाईसी पूरा कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि भविष्य में ओटीपी संबंधी समस्याएं न आएं। उपभोक्ता स्वयं भी तेल विपणन कंपनियों या आधार आधारित ऐप के माध्यम से ई-केवाईसी पूरा कर सकते हैं।कुल मिलाकर प्रशासन ने साफ कर दिया है कि एलपीजी आपूर्ति में किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई तय है।

