बक्सर में कांग्रेस का फोकस बूथ मैनेजमेंट पर
बक्सर जिले में कांग्रेस ने आगामी चुनावी तैयारियों को धार देते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र के ब्रह्मपुर में ‘संगठन सृजन अभियान’ की शुरुआत के साथ ही पार्टी ने बूथ स्तर तक नई संरचना खड़ी करने का संकेत दिया है। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के साथ हुई, जिसके बाद आयोजित बैठक में संगठन विस्तार पर विस्तार से चर्चा की गई।
-- संगठन सृजन अभियान’ के जरिए गांव-गांव तक पहुंच बनाने की रणनीति
केटी न्यूज/बक्सर
बक्सर जिले में कांग्रेस ने आगामी चुनावी तैयारियों को धार देते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र के ब्रह्मपुर में ‘संगठन सृजन अभियान’ की शुरुआत के साथ ही पार्टी ने बूथ स्तर तक नई संरचना खड़ी करने का संकेत दिया है। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के साथ हुई, जिसके बाद आयोजित बैठक में संगठन विस्तार पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त राष्ट्रीय पर्यवेक्षक राजेश राठौर की मौजूदगी रही।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल सदस्यता बढ़ाना नहीं, बल्कि सक्रिय और जिम्मेदार कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पुराने सदस्यों को पुनः जोड़ने और युवाओं, महिलाओं, किसानों तथा मजदूरों के बीच पार्टी की पकड़ मजबूत करने पर जोर दिया।प्रदेश स्तर से नियुक्त वरिष्ठ पर्यवेक्षक मृणाल अनामय ने संगठन की मजबूती को चुनावी सफलता की शर्त बताया। उन्होंने बूथ कमेटियों के गठन, नियमित बैठकें करने और जनसंपर्क बढ़ाने की रणनीति पर बल दिया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे ने कहा कि अभियान के तहत निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाएगा तथा युवा और महिला इकाइयों की भागीदारी बढ़ाई जाएगी।

ब्रह्मपुर के बाद डुमरांव विधानसभा क्षेत्र के खिरौली और राजपुर विधानसभा क्षेत्र में भी बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में आपसी मतभेद भुलाकर सामूहिक लक्ष्य पर काम करने की अपील की गई। प्रत्येक कार्यकर्ता से कम से कम दस नए सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य लेने को कहा गया।कार्यक्रम में विभिन्न प्रखंडों के अध्यक्ष, किसान प्रकोष्ठ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में निर्णय लिया गया कि जिले के सभी प्रखंडों और पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से संगठनात्मक बैठकें कर सदस्यता अभियान को तेज किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि यह अभियान जिले में पार्टी को नई ऊर्जा देने का माध्यम बनेगा।

