मीटर से छेड़छाड़ कर बिजली उपयोग करने वालों पर विभाग की सख्ती, चार पर केस दर्ज

बिजली विभाग ने अवैध रूप से बिजली उपयोग करने वालों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान चार उपभोक्ताओं को मीटर बाईपास कर बिजली का अनधिकृत उपयोग करते पकड़ा गया। विभाग ने सभी पर आर्थिक दंड लगाते हुए बिजली अधिनियम के तहत मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

मीटर से छेड़छाड़ कर बिजली उपयोग करने वालों पर विभाग की सख्ती, चार पर केस दर्ज

केटी न्यूज/चौसा: 

बिजली विभाग ने अवैध रूप से बिजली उपयोग करने वालों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान चार उपभोक्ताओं को मीटर बाईपास कर बिजली का अनधिकृत उपयोग करते पकड़ा गया। विभाग ने सभी पर आर्थिक दंड लगाते हुए बिजली अधिनियम के तहत मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।सहायक विद्युत अभियंता रविराज ने बताया कि विशेष जांच अभियान के दौरान नोखा मिल, इटाढ़ी रोड निवासी अमलेंदु शेखर मीटर बाईपास कर बिजली का उपयोग करते पाए गए। उनके विरुद्ध 1,39,661 रुपये का आकलित जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा अशोक नगर स्थित मित्रलोक कॉलोनी निवासी निशा देवी (पति अजीत कुमार सिंह) पर 56,200 रुपये, मीना देवी (पति उमाशंकर सिंह) पर 64,226 रुपये तथा सुचित्रा देवी (पति अनुज कुमार) पर 68,239 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

विभाग की ओर से चारों मामलों में कुल 3,28,326 रुपये की क्षति का आकलन करते हुए संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि बिजली चोरी से विभाग को आर्थिक नुकसान होने के साथ ईमानदारी से बिल भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं पर भी अतिरिक्त बोझ पड़ता है। इसी कारण ऐसे मामलों में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।सहायक अभियंता ने कहा कि बिजली चोरी रोकने के लिए नियमित जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे केवल वैध विद्युत कनेक्शन एवं अधिकृत मीटर के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के साथ आर्थिक दंड की कार्रवाई भी की जाएगी।