मीटर से छेड़छाड़ कर जल रही थी बिजली, विभाग की छापेमारी में तीन उपभोक्ता पकड़े गए
चौसा क्षेत्र में बिजली विभाग ने राजस्व क्षति रोकने और अवैध बिजली उपयोग पर अंकुश लगाने को लेकर विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने अलग-अलग गांवों में छापेमारी कर मीटर बाईपास कर बिजली उपयोग करने के मामले का खुलासा किया। कार्रवाई के बाद विभाग ने तीन लोगों पर आर्थिक दंड लगाते हुए मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।


केटी न्यूज/चौसा
चौसा क्षेत्र में बिजली विभाग ने राजस्व क्षति रोकने और अवैध बिजली उपयोग पर अंकुश लगाने को लेकर विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने अलग-अलग गांवों में छापेमारी कर मीटर बाईपास कर बिजली उपयोग करने के मामले का खुलासा किया। कार्रवाई के बाद विभाग ने तीन लोगों पर आर्थिक दंड लगाते हुए मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।यह अभियान कनीय अभियंता अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। विभागीय टीम ने सबसे पहले ख़िलाफ़तपुर गांव में जांच की, जहां रीता देवी, पति चन्द्रहास उपाध्याय के परिसर में मीटर को बाईपास कर सीधे बिजली उपयोग किए जाने की पुष्टि हुई।

जांच के बाद विभाग ने उन पर 15 हजार 876 रुपये का जुर्माना लगाया।इसके बाद टीम अखौरीपुर गोला पहुंची, जहां सूबेदार बीन और कामेश्वर बीन के यहां भी अनियमित तरीके से बिजली उपयोग का मामला सामने आया। विभाग ने सूबेदार बीन पर 22 हजार 699 रुपये तथा कामेश्वर बीन पर 9 हजार 46 रुपये का जुर्माना निर्धारित किया। तीनों मामलों में बिजली चोरी अधिनियम के तहत मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर यह जांच अभियान चलाया गया था।

जांच के दौरान तकनीकी टीम ने मीटर और कनेक्शन की स्थिति की बारीकी से जांच की, जिसमें बिजली चोरी की पुष्टि हुई।कनीय अभियंता अजय कुमार सिंह ने कहा कि विभाग बिजली चोरी को लेकर पूरी तरह सख्त है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग वैध कनेक्शन और अधिकृत मीटर के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करें, ताकि किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।

