डुमरांव आईटीआई में 6 मई को रोजगार शिविर, 300 पदों पर चयन का मौका

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, डुमरांव (सिद्धीपुर बंगला, केसठ) में 6 मई को रोजगार हेतु परिसर चयन शिविर का आयोजन किया जाएगा। संस्थान से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस शिविर में पुणे स्थित एक प्रतिष्ठित निजी कंपनी को आमंत्रित किया गया है, जो विभिन्न पदों पर अभ्यर्थियों का चयन करेगी।

डुमरांव आईटीआई में 6 मई को रोजगार शिविर, 300 पदों पर चयन का मौका

__ पुणे की कंपनी करेगी नियुक्ति, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक व बीटेक अभ्यर्थियों को अवसर

केटी न्यूज/बक्सर

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, डुमरांव (सिद्धीपुर बंगला, केसठ) में 6 मई को रोजगार हेतु परिसर चयन शिविर का आयोजन किया जाएगा। संस्थान से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस शिविर में पुणे स्थित एक प्रतिष्ठित निजी कंपनी को आमंत्रित किया गया है, जो विभिन्न पदों पर अभ्यर्थियों का चयन करेगी।यह चयन शिविर पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है, जिसमें आईटीआई उत्तीर्ण के साथ-साथ स्नातक, डिप्लोमा और बीटेक योग्यताधारी युवा भी भाग ले सकते हैं। कंपनी द्वारा प्रशिक्षु पद (नियत अवधि अनुबंध) पर कुल 300 अभ्यर्थियों की नियुक्ति की जाएगी।

अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है।चयनित अभ्यर्थियों को लगभग 21 हजार रुपये वार्षिक वेतन पैकेज के साथ 22,500 रुपये मासिक हाथ में वेतन दिया जाएगा। नियुक्ति का कार्यस्थल रंजनगांव, पुणे होगा।संस्थान के प्राचार्य मो० मसूद रशीद ने बताया कि यह रोजगार शिविर युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर है। उन्होंने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे 6 मई को सुबह 10 बजे तक संस्थान परिसर में उपस्थित होकर चयन प्रक्रिया में भाग लें।

उन्होंने यह भी कहा कि अभ्यर्थी अपने साथ आवश्यक दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पासपोर्ट आकार का फोटो तथा अपना जीवन-वृत्त (बायोडाटा) अवश्य लेकर आएं।प्राचार्य ने कहा कि ऐसे आयोजन से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलते हैं और उन्हें अपने कौशल के अनुसार बेहतर भविष्य बनाने का मौका मिलता है। उन्होंने अधिक से अधिक योग्य अभ्यर्थियों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।संस्थान प्रशासन ने चयन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने की तैयारी पूरी कर ली है।