15 मई को बक्सर में लगेगा रोजगार शिविर
जिला नियोजनालय बक्सर द्वारा जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 15 मई को एक दिवसीय रोजगार शिविर का आयोजन किया जाएगा। प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह रोजगार शिविर संयुक्त श्रम भवन स्थित आईटीआई फील्ड परिसर में आयोजित होगा।


--50 तकनीशियन पदों पर होगी भर्ती, 20 से 27 हजार रुपये तक मिलेगा वेतन
केटी न्यूज/बक्सर
जिला नियोजनालय बक्सर द्वारा जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 15 मई को एक दिवसीय रोजगार शिविर का आयोजन किया जाएगा। प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह रोजगार शिविर संयुक्त श्रम भवन स्थित आईटीआई फील्ड परिसर में आयोजित होगा। शिविर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा।रोजगार शिविर में निजी कंपनी डीएसईटीएस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा तकनीशियन पद के लिए युवाओं का चयन किया जाएगा। कंपनी ने कुल 50 रिक्त पदों के लिए बहाली की प्रक्रिया शुरू की है। चयनित अभ्यर्थियों को 20 हजार से 27 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा।

नियुक्ति हरियाणा के गुरुग्राम स्थित कार्यस्थल के लिए की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया अप्रेंटिसशिप तथा संविदा आधारित होगी।इन पदों के लिए अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 32 वर्ष निर्धारित की गई है। शैक्षणिक योग्यता के रूप में दसवीं, बारहवीं, आईटीआई अथवा डिप्लोमा उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। कंपनी द्वारा अभ्यर्थियों की योग्यता के अनुसार जिला नियोजनालय परिसर में ही ऑन द स्पॉट चयन किया जाएगा। चयन प्रक्रिया में चिकित्सीय जांच भी शामिल रहेगी।जिला नियोजनालय ने स्पष्ट किया है कि रोजगार शिविर में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का नियोजनालय में निबंधन अनिवार्य है।

जो अभ्यर्थी अब तक निबंधित नहीं हुए हैं, वे राष्ट्रीय करियर सेवा पोर्टल पर ऑनलाइन निबंधन करा सकते हैं।इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा तथा आधार कार्ड लेकर निर्धारित तिथि पर उपस्थित होने को कहा गया है। रोजगार शिविर में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। नियोजनालय की भूमिका केवल सुविधा प्रदाता की होगी, जबकि नियुक्ति संबंधी सभी शर्तों एवं प्रक्रियाओं के लिए नियोजक कंपनी स्वयं जिम्मेदार होगी।प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी ने जिले के अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं से रोजगार शिविर में भाग लेकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

