मुंडन में शामिल होने आया इंजीनियरिंग छात्र गंगा में समाया, 24 घंटे बाद मिला शव

एक खुशहाल पारिवारिक समारोह उस वक्त मातम में बदल गया, जब मुंडन में शामिल होने आया एक होनहार युवक गंगा की गहराई में समा गया। ब्रह्मपुर प्रखंड के बेयासी पुल के समीप गंगा घाट पर सोमवार को हुए इस दर्दनाक हादसे में डूबे युवक का शव करीब 24 घंटे बाद मंगलवार दोपहर बरामद किया गया। इस घटना ने न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।

मुंडन में शामिल होने आया इंजीनियरिंग छात्र गंगा में समाया, 24 घंटे बाद मिला शव

__ ब्रह्मपुर के बेयासी पुल घाट पर हादसा, एसडीआरएफ-एनडीआरएफ की कड़ी मशक्कत के बाद बरामदगी; परिवार में मचा कोहराम

केटी न्यूज/ब्रह्मपुर:

एक खुशहाल पारिवारिक समारोह उस वक्त मातम में बदल गया, जब मुंडन में शामिल होने आया एक होनहार युवक गंगा की गहराई में समा गया। ब्रह्मपुर प्रखंड के बेयासी पुल के समीप गंगा घाट पर सोमवार को हुए इस दर्दनाक हादसे में डूबे युवक का शव करीब 24 घंटे बाद मंगलवार दोपहर बरामद किया गया। इस घटना ने न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।मृतक की पहचान भोजपुर जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत धोबहा पंचायत के मैनपुरी गांव निवासी वैभव कुमार उर्फ सोनू के रूप में हुई है। वह हरिद्वार में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था और कुछ दिनों के लिए अपने ननिहाल ब्रह्मपुर आया हुआ था।

परिवार में आयोजित मुंडन समारोह की खुशियों में शामिल होने आया वैभव किसी को क्या पता था कि यह उसकी आखिरी यात्रा साबित होगी।परिजनों के अनुसार, सोमवार की सुबह वैभव अपने मामा के घर गायघाट से बेयासी पुल स्थित गंगा घाट पर स्नान के लिए गया था। इसी दौरान वह अनजाने में गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह लहरों में समा गया और मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद प्रशासन को सूचना दी गई।

मंगलवार सुबह एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को बुलाया गया, जिन्होंने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर करीब 2 बजे युवक का शव नदी से बाहर निकाला।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। वहीं, इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां-बाप और रिश्तेदारों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया है।गांव में भी इस हादसे को लेकर शोक की लहर दौड़ गई है। एक होनहार छात्र की असमय मौत ने हर किसी को झकझोर दिया है। लोग यही कह रहे हैं—कुछ पल की लापरवाही ने एक उज्ज्वल भविष्य को हमेशा के लिए निगल लिया।