गंगा की लहरों में गुम हुई उम्मीद, दूसरे दिन भी नहीं मिला अधेड़ का सुराग
केशोपुर हनुमान घाट पर गंगा स्नान के दौरान लापता हुए सिमरी थाना क्षेत्र के रामोपट्टी गांव निवासी 55 वर्षीय पूर्णवासी माली का दूसरे दिन सोमवार को भी कोई सुराग नहीं मिल सका। रविवार को गंगा में स्नान करने के दौरान अचानक लापता हुए अधेड़ की तलाश में सोमवार को भी एसडीआरएफ की टीम ने गंगा की गहराइयों में उतरकर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया।

— एसडीआरएफ ने गंगा की गहराइयों में चलाया सघन सर्च ऑपरेशन, शाम तक नहीं मिली सफलता; घर में मचा कोहराम, हर आहट पर टिकी परिजनों की नजर
केटी न्यूज/सिमरी।
केशोपुर हनुमान घाट पर गंगा स्नान के दौरान लापता हुए सिमरी थाना क्षेत्र के रामोपट्टी गांव निवासी 55 वर्षीय पूर्णवासी माली का दूसरे दिन सोमवार को भी कोई सुराग नहीं मिल सका। रविवार को गंगा में स्नान करने के दौरान अचानक लापता हुए अधेड़ की तलाश में सोमवार को भी एसडीआरएफ की टीम ने गंगा की गहराइयों में उतरकर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। घंटों तक नदी के संभावित स्थानों पर तलाश की गई, लेकिन देर शाम तक टीम को सफलता नहीं मिली। लगातार दूसरे दिन भी पूर्णवासी का पता नहीं चलने से परिजनों की बेचैनी और बढ़ गई है।गंगा की तेज धार और लगातार बढ़ रहे जलस्तर के बीच एसडीआरएफ के जवानों ने पूरी मुस्तैदी के साथ अभियान चलाया।

टीम ने नदी के अंदर संभावित स्थानों पर काफी दूर तक तलाशी ली। तेज बहाव और गहराई के कारण अभियान में कई तरह की चुनौतियां सामने आईं, बावजूद इसके एसडीआरएफ के जवान लगातार तलाश में जुटे रहे।सिमरी सीओ भगवती शंकर पांडेय स्वयं पूरे सर्च ऑपरेशन की मॉनीटरिंग कर रहे थे। प्रशासन की ओर से आसपास के नाविकों और स्थानीय लोगों को भी सतर्क किया गया है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि गंगा में कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु अथवा शव दिखाई देने पर तत्काल इसकी सूचना सिमरी सीओ को दें, ताकि तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

__ हर गुजरते पल के साथ बढ़ रही परिजनों की बेचैनी
इधर, पूर्णवासी माली के लगातार दूसरे दिन भी नहीं मिलने से रामोपट्टी गांव स्थित उनके घर में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में लगातार क्रंदन-चीत्कार का माहौल बना हुआ है। परिवार के लोग गंगा की ओर टकटकी लगाए हुए हैं और हर गुजरते पल के साथ किसी अनहोनी की आशंका उन्हें भीतर से तोड़ रही है। परिजनों की आंखें अपनों के लौटने की उम्मीद में गंगा की ओर लगी हुई हैं।ग्रामीण भी इस घटना से बेहद मर्माहत हैं और बड़ी संख्या में लोग खोज अभियान की जानकारी लेने के लिए घाट और आसपास के इलाकों में जुटे रहे। प्रशासन की टीम भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।गंगा के जलस्तर में वृद्धि और तेज धार के कारण तलाशी अभियान में परेशानी जरूर आ रही है, लेकिन एसडीआरएफ की टीम ने हार नहीं मानी है। प्रशासन की निगरानी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक पूर्णवासी माली का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।

