नुआंव में खिड़की का ग्रिल काटकर लाखों के गहनों पर हाथ साफ, सोते रहे लोग और घर में मचता रहा तांडव
स्थानीय थाना क्षेत्र के नुआंव गांव में गुरुवार की रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए खिड़की का ग्रिल काटकर अंदर प्रवेश किया और लाखों के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। अपराधियों ने कमरे में रखे बक्सा और अटैची का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के गहने चोरी कर लिए और आराम से फरार हो गए। सुबह जब परिवार की नींद खुली तो घर के अंदर का नजारा देख सभी के होश उड़ गए।
__ कमरे में घुसे चोरों ने बक्सा-अटैची तोड़ी, सोना-चांदी लेकर फरार, पुलिस और एफएसएल टीम ने शुरू की जांच
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
स्थानीय थाना क्षेत्र के नुआंव गांव में गुरुवार की रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए खिड़की का ग्रिल काटकर अंदर प्रवेश किया और लाखों के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। अपराधियों ने कमरे में रखे बक्सा और अटैची का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के गहने चोरी कर लिए और आराम से फरार हो गए। सुबह जब परिवार की नींद खुली तो घर के अंदर का नजारा देख सभी के होश उड़ गए।जानकारी के अनुसार, रात में परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद अपने-अपने स्थान पर सो गए थे। महिलाएं कमरों में थीं, जबकि पुरुष सदस्य दलान में सो रहे थे। एक महिला छत पर सोने चली गई थी। इसी बीच आधी रात के बाद चोरों ने घर की खिड़की का ग्रिल काटा और चुपके से कमरे में दाखिल हो गए।

घर के अंदर घुसने के बाद चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। कमरे में रखे बक्से और अटैची को तोड़ दिया गया। उसमें रखे सोने-चांदी के गहने समेटकर चोर मौके से फरार हो गए। वारदात के दौरान घर के किसी सदस्य को भनक तक नहीं लगी।सुबह जब गृहस्वामी के पुत्र ने दरवाजा खुलवाने के लिए आवाज लगाई तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। शक होने पर बाहर से जाकर देखा गया तो खिड़की का ग्रिल कटा हुआ था। अंदर झांकने पर कमरे का सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद परिवार के लोग अंदर पहुंचे तो बक्सा और अटैची का टूटा ताला देखकर चोरी की पुष्टि हुई। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। बाद में बक्सर से एफएसएल टीम भी पहुंची, जिसने मौके से कई नमूने एकत्र किए। पुलिस तकनीकी और वैज्ञानिक जांच के सहारे चोरों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।कृष्णाब्रह्म प्रभारी थानाध्यक्ष सुनील कुमार साह ने बताया कि चोरी की घटना हुई है, लेकिन अभी तक गृहस्वामी द्वारा लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने और सूची सौंपे जाने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कितने मूल्य के गहनों की चोरी हुई है।लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों ने रात में गश्ती बढ़ाने और जल्द खुलासे की मांग की है।

