चार साल बाद चालू हुआ एमएनसीयू वार्ड, नवजातों को अब स्थानीय स्तर पर मिलेगी बेहतर देखभाल
डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल में लंबे इंतजार के बाद आखिरकार एमएनसीयू (मदर एंड न्यूबॉर्न केयर यूनिट) वार्ड को चालू कर दिया गया है। चार वर्ष पूर्व भवन निर्माण के बावजूद बंद पड़े इस वार्ड के शुरू होने से क्षेत्र के नवजात शिशुओं और माताओं को अब बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल में लंबे इंतजार के बाद आखिरकार एमएनसीयू (मदर एंड न्यूबॉर्न केयर यूनिट) वार्ड को चालू कर दिया गया है। चार वर्ष पूर्व भवन निर्माण के बावजूद बंद पड़े इस वार्ड के शुरू होने से क्षेत्र के नवजात शिशुओं और माताओं को अब बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है।स्वास्थ्य विभाग की हालिया पहल के तहत एमएनसीयू में चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की गई है। सिविल सर्जन डॉ. शिव प्रसाद चक्रवर्ती के कार्यालय से जारी आदेश (संख्या 2202, दिनांक 04/05/2026) के अनुसार डुमरांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आरबी प्रसाद को सप्ताह में तीन दिन—मंगलवार, गुरुवार और शनिवार—ड्यूटी सौंपी गई है।

वहीं सिमरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक कुमार पहले से ही यहां प्रतिनियुक्त हैं और वे सोमवार एवं शुक्रवार को अपनी सेवाएं देंगे।ज्ञात हो कि अनुमंडलीय अस्पताल में प्रतिदिन लगभग 20 प्रसव होते हैं। अब तक गंभीर स्थिति वाले नवजातों और प्रसूताओं को बेहतर इलाज के लिए अन्य बड़े अस्पतालों में रेफर करना पड़ता था, जिससे समय और संसाधनों की हानि के साथ जोखिम भी बढ़ जाता था। एमएनसीयू के चालू होने से अब ऐसे मामलों का उपचार स्थानीय स्तर पर ही संभव हो सकेगा।

यह वार्ड लंबे समय तक उपेक्षा का शिकार रहा। यहां तक कि विधानसभा चुनाव के दौरान बिना पर्याप्त संसाधन और स्टाफ के इसका उद्घाटन भी कर दिया गया था, जिससे विभाग की काफी किरकिरी हुई थी। इस मुद्दे को लेकर समाजसेवी हरेकृष्ण सिंह यादव सहित कई लोगों ने लगातार आवाज उठाई और धरना-प्रदर्शन भी किया।जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयासों से अब यह सुविधा जमीन पर उतरती दिख रही है। हालांकि, स्थानीय लोगों की नजर अब इस बात पर टिकी है कि तैनात चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी नियमित व समर्पित तरीके से अपनी सेवाएं दें, ताकि इस महत्वपूर्ण इकाई का वास्तविक लाभ आम जनता तक पहुंच सके।

