फंदे पर झूलती मिली दो बच्चों की मां, ससुराल में मौत से उठे कई सवाल

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बोक्सा गांव में रविवार की रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। घर के भीतर फंदे से लटकी मिली महिला को परिजन आनन-फानन में सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

फंदे पर झूलती मिली दो बच्चों की मां, ससुराल में मौत से उठे कई सवाल

--बोक्सा गांव में देर रात मचा कोहराम, पति-सास-ससुर समेत चार से पुलिस की पूछताछ

केटी न्यूज/बक्सर :

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बोक्सा गांव में रविवार की रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। घर के भीतर फंदे से लटकी मिली महिला को परिजन आनन-फानन में सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं, वहीं पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए मृतका के पति समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।मृतका की पहचान 32 वर्षीय गीता देवी के रूप में हुई है, जो बोक्सा गांव निवासी सोनू खरवार की पत्नी थी। बताया जा रहा है कि रविवार की देर रात घर के एक कमरे में गीता देवी फंदे से लटकी मिली।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। परिजन तुरंत उसे नीचे उतारकर इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।सूचना मिलते ही मुफस्सिल चौकी प्रभारी गुड्डू चौधरी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने शुरुआती जांच के दौरान मृतका के पति, सास, ससुर और देवर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई और वजह छिपी हुई है।

ग्रामीणों के अनुसार गीता देवी के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें 10 वर्ष की एक बेटी और 8 वर्ष का बेटा शामिल है। घटना के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं मायके पक्ष ने दांपत्य जीवन में अक्सर विवाद होने की बात कही है। हालांकि अब तक किसी ने पुलिस को लिखित आवेदन नहीं दिया है।मुफस्सिल चौकी प्रभारी गुड्डू चौधरी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।