पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप, महिला से मारपीट के मामले में सात पर केस
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के नोनियापुरा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक महिला के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। घटना में घायल महिला की शिकायत पर पुलिस ने सात लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के नोनियापुरा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक महिला के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। घटना में घायल महिला की शिकायत पर पुलिस ने सात लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस को दिए गए आवेदन में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोगों ने पुरानी दुश्मनी के कारण उसे रास्ते में घेर लिया। आरोप है कि इस दौरान आरोपितों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और छेड़खानी की। जब महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने लाठी-डंडों से हमला कर उसे घायल कर दिया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद सभी आरोपित वहां से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया।

पीड़िता की शिकायत के आधार पर कृष्णाब्रह्म थाना में हरिओम प्रसाद, धर्मेंद्र प्रसाद, शिवम प्रसाद समेत कुल सात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी आरोपों की जांच की जा रही है। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के साथ अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं, ताकि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा सके।थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस टीम मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल में जुटी है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

