अप्सरा होटल में दबिश, वाहन चोर गिरोह के तीन संदिग्ध दबोचे

नगर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित अप्सरा होटल में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई में वाहन चोरी की बड़ी साजिश का पर्दाफाश हुआ है। होटल में ठहरकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे तीन संदिग्ध युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से आधुनिक वाहनों के लॉक खोलने में इस्तेमाल होने वाली हाईटेक मशीन समेत कई संदिग्ध उपकरण बरामद किए गए हैं।

अप्सरा होटल में दबिश, वाहन चोर गिरोह के तीन संदिग्ध दबोचे

__ दिल्ली और हाजीपुर के युवकों के पास से हाईटेक लॉक-ओपनर मशीन बरामद, कई राज्यों में फैले नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

केटी न्यूज/बक्सर। 

नगर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित अप्सरा होटल में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई में वाहन चोरी की बड़ी साजिश का पर्दाफाश हुआ है। होटल में ठहरकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे तीन संदिग्ध युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से आधुनिक वाहनों के लॉक खोलने में इस्तेमाल होने वाली हाईटेक मशीन समेत कई संदिग्ध उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि तीनों एक अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं और शहर में बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी रवि चौहान तथा हाजीपुर निवासी सोनू और रेहान अंसारी के रूप में हुई है। गुप्त सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ गौरव पांडे के नेतृत्व में नगर थाना पुलिस की विशेष टीम ने अप्सरा होटल में छापेमारी की।

होटल के एक कमरे से तीनों को हिरासत में लेकर जब तलाशी ली गई तो उनके पास से हाईटेक लॉक-ओपनर मशीन और वाहन चोरी में प्रयुक्त होने वाले अन्य उपकरण बरामद हुए।पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। आरोपियों ने बताया कि वे वारदात से पहले संबंधित शहर में होटल लेकर ठहरते थे और आसपास के इलाकों की बारीकी से रेकी करते थे। इसके बाद सुनसान स्थानों पर खड़े वाहनों को निशाना बनाकर चोरी करते और कुछ ही घंटों के भीतर दूसरे शहर निकल जाते थे, जिससे स्थानीय पुलिस को सुराग नहीं मिल पाता था।जांच में यह भी सामने आया है कि बरामद हाईटेक मशीन आधुनिक वाहनों के लॉक को कुछ ही मिनटों में खोलने में सक्षम है।

हालांकि, पुलिस को आरोपियों के पास से कोई चोरी का वाहन बरामद नहीं हुआ है। इसके बावजूद बरामद उपकरणों और पूछताछ के आधार पर पुलिस गिरोह की कार्यप्रणाली और उसके नेटवर्क की गहन पड़ताल कर रही है।पुलिस अब तीनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड, अन्य राज्यों में दर्ज मामलों और उनके संपर्क में रहने वाले अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाने में लगी है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद गिरोह के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बक्सर सहित आसपास के जिलों में हुई वाहन चोरी की घटनाओं में इनकी संलिप्तता रही है या नहीं।