पंचायत सरकार भवन बना समाधान केंद्र, मौके पर निपटे कई मामले
बक्सर जिले के सिमरी प्रखंड अंतर्गत एकौना एवं राजपुर परसन पाह पंचायत में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर ग्रामीणों के लिए राहत का माध्यम बन गया। पंचायत सरकार भवन में लगे शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।


केटी न्यूज/सिमरी
बक्सर जिले के सिमरी प्रखंड अंतर्गत एकौना एवं राजपुर परसन पाह पंचायत में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर ग्रामीणों के लिए राहत का माध्यम बन गया। पंचायत सरकार भवन में लगे शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। शिविर में भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, अतिक्रमण, जाति, आवासीय एवं आय प्रमाण पत्र सहित विभिन्न मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।शिविर में प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रशांत कुमार, अंचलाधिकारी भगवती शंकर पांडे, राजस्व अधिकारी राहुल कुमार समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया, जिससे लोगों को तत्काल राहत मिली।अधिकारियों ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान करना है, ताकि उन्हें छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार प्रखंड और अंचल कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े। विशेष रूप से भूमि विवाद, अतिक्रमण और भूमिहीन परिवारों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया गया। इसके अलावा सरकारी योजनाओं में पंजीकरण और प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया भी सरल बनाई गई।

अंचलाधिकारी भगवती शंकर पांडे ने कहा कि सरकार की पहल पर आयोजित सहयोग शिविर आम लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित हो रहा है। इससे ग्रामीणों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है तथा लोगों को उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान मिल रहा है।शिविर के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव स्तर पर ऐसे आयोजन होने से समय और धन दोनों की बचत हो रही है।

