सहयोग शिविर में उमड़ी समस्याएं, ग्रामीणों ने खोली विकास कार्यों की पोल
राजपुर प्रखंड के तियरा पंचायत भवन परिसर में आयोजित सहयोग शिविर में मंगलवार को ग्रामीणों की समस्याएं प्रमुखता से उठीं। शिविर में विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने सड़क, नाली, बिजली, रोजगार और सरकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं। कई ग्रामीणों ने विकास कार्यों में अनियमितता और मूलभूत सुविधाओं की कमी का आरोप लगाया।


__ सड़क, नाली, बिजली और स्कूल मार्ग की शिकायतों पर अधिकारियों ने दिए कार्रवाई के निर्देश
केटी न्यूज/राजपुर
राजपुर प्रखंड के तियरा पंचायत भवन परिसर में आयोजित सहयोग शिविर में मंगलवार को ग्रामीणों की समस्याएं प्रमुखता से उठीं। शिविर में विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने सड़क, नाली, बिजली, रोजगार और सरकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं। कई ग्रामीणों ने विकास कार्यों में अनियमितता और मूलभूत सुविधाओं की कमी का आरोप लगाया।शिविर की अध्यक्षता डीडीसी निहारिका छवि एवं मुखिया उषा देवी ने की। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री नंदकिशोर राम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि आम लोगों की शिकायतों का समय पर समाधान हर हाल में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी।

डीएम साहिला ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है और प्राप्त शिकायतों का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। वहीं एसपी शुभम आर्य ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस लगातार सक्रिय है और लोगों को शिकायत का मौका नहीं मिलेगा।शिविर के दौरान सबसे अधिक चर्चा मनोहरपुर गांव के प्राथमिक विद्यालय तक जाने के रास्ते को लेकर रही। ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल तक पहुंचने के लिए अब तक सड़क नहीं बनी है, जिससे बच्चों को परेशानी होती है। विधायक संतोष कुमार निराला ने आश्वासन दिया कि इस बार रास्ते का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिविर में मिलने वाले आवेदनों का निष्पादन 20 दिनों के भीतर करने का प्रयास होगा।

तियरा वार्ड संख्या दो की सरस्वती देवी ने मोहल्ले में पक्की गली और नाली नहीं बनने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं संदीप राय ने तियरा-धनसोई मार्ग पर नाली निर्माण में राशि निकासी के बावजूद कार्य नहीं होने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की। बसही फीडर की खराब बिजली आपूर्ति का मुद्दा भी ग्रामीणों ने उठाया।शिविर में विभिन्न विभागों के काउंटर लगाए गए थे, जहां लोगों ने आवेदन जमा किए। इस दौरान कई लाभुकों को मनरेगा जॉब कार्ड एवं अन्य योजनाओं का लाभ भी दिया गया। कार्यक्रम में कई प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

