रेल मंत्रालय के रवैये पर भड़की रेलयात्री कल्याण समिति, जुलाई अंत में डुमरांव स्टेशन पर होगा सुंदरकांड पाठ
रेलयात्री कल्याण समिति, शाखा डुमरांव की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को महाराजा कटरा स्थित एक निजी प्रतिष्ठान में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कार्यकारी अध्यक्ष हरेराम ठाकुर ने की, जबकि संचालन अखिलेश केसरी ने किया। बैठक में समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार सिंह एवं केंद्रीय कमेटी के सदस्य रासबिहारी राय विशेष रूप से उपस्थित रहे।

__ धरना के बाद हुई समीक्षा बैठक में आंदोलन तेज करने का निर्णय, पटना-कोटा सहित प्रमुख ट्रेनों के ठहराव और मूलभूत सुविधाओं की मांग दोहराई
केटी न्यूज/डुमरांव।
रेलयात्री कल्याण समिति, शाखा डुमरांव की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को महाराजा कटरा स्थित एक निजी प्रतिष्ठान में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कार्यकारी अध्यक्ष हरेराम ठाकुर ने की, जबकि संचालन अखिलेश केसरी ने किया। बैठक में समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार सिंह एवं केंद्रीय कमेटी के सदस्य रासबिहारी राय विशेष रूप से उपस्थित रहे।बैठक में 14 जून को डुमरांव रेलवे स्टेशन पर आयोजित एकदिवसीय धरना के बाद की स्थिति की समीक्षा करते हुए रेल मंत्रालय और रेलवे प्रशासन के रवैये पर गहरी नाराजगी व्यक्त की गई। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि लाखों रुपये का राजस्व देने वाले डुमरांव स्टेशन की लगातार उपेक्षा की जा रही है और यात्रियों की लंबे समय से लंबित मांगों की अनदेखी की जा रही है।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि समिति अपनी पूर्व घोषित मांगों के समर्थन में जुलाई माह के अंतिम सप्ताह में डुमरांव रेलवे स्टेशन पर एकदिवसीय धरना आयोजित करेगी। इस दौरान रेल मंत्री, रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष, पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक (हाजीपुर) तथा दानापुर मंडल रेल प्रबंधक की सद्बुद्धि के लिए सुंदरकांड का सामूहिक पाठ किया जाएगा।राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि रेल मंत्रालय ने डुमरांव स्टेशन के साथ सौतेला व्यवहार कर यात्रियों की भावनाओं को आहत किया है। उन्होंने कहा कि एक ओर छोटे स्टेशनों पर महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव दिया जा रहा है, वहीं डुमरांव जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन पर पटना-कोटा एक्सप्रेस का नियमित ठहराव अब तक सुनिश्चित नहीं किया गया है।

इसके अलावा कई अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव का मामला भी लंबित है तथा स्टेशन पर मूलभूत यात्री सुविधाओं का अभाव बना हुआ है।बैठक में वक्ताओं ने कहा कि यदि रेलवे प्रशासन ने शीघ्र ही मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो समिति आंदोलन को और व्यापक रूप देगी। बैठक में हरेराम ठाकुर, रामबाबू कुशवाहा, अखिलेश केसरी, रामजी प्रसाद, विनय कुमार सिंह, तेज नारायण पांडेय, चंद्रमा प्रसाद, मनोज चौबे सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

