आईसीयू और मदर न्यू बॉर्न यूनिट चालू कराने को आमरण अनशन पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता
शहीद स्मारक पार्क डुमरांव में शुक्रवार से सामाजिक कार्यकर्ता सह आरटीआई कार्यकर्ता हरे कृष्णा सिंह उर्फ कृष्णा यादव तथा रंगनाथ यादव आमरण अनशन पर बैठ गए हैं। उनका मुख्य आरोप है कि लोकहित और आमजन की स्वास्थ्य सुविधा से जुड़ी महत्वपूर्ण व्यवस्थाएं वर्षों से तैयार होने के बावजूद बंद पड़ी हैं, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
__ बक्सर सदर अस्पताल का 10 बेड आईसीयू और डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल का 20 बेड यूनिट वर्षों से तैयार, फिर भी मरीजों को नहीं मिल रहा लाभ
केटी न्यूज/डुमरांव
शहीद स्मारक पार्क डुमरांव में शुक्रवार से सामाजिक कार्यकर्ता सह आरटीआई कार्यकर्ता हरे कृष्णा सिंह उर्फ कृष्णा यादव तथा रंगनाथ यादव आमरण अनशन पर बैठ गए हैं। उनका मुख्य आरोप है कि लोकहित और आमजन की स्वास्थ्य सुविधा से जुड़ी महत्वपूर्ण व्यवस्थाएं वर्षों से तैयार होने के बावजूद बंद पड़ी हैं, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।अनशनकारी ने मांग की है कि सदर अस्पताल बक्सर में वर्षों पूर्व निर्मित 10 बेड का आईसीयू अविलंब चालू कराया जाए।

उन्होंने बताया कि 15 फरवरी 2025 को बक्सर आगमन से पहले मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान 14 फरवरी 2025 से आईसीयू संचालन का आदेश जारी किया गया था, लेकिन मुख्यमंत्री के लौटने के बाद प्रशासन ने मानव बल और उपकरणों की कमी बताकर इसे बंद कर दिया। बाद में 23 जुलाई 2025 को स्वास्थ्य मंत्री ने आईसीयू को क्रियाशील बताया, जबकि एक भी जरूरतमंद मरीज को अब तक इसका लाभ नहीं मिल सका है।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि डॉ. अजीत कुमार सिंह, विशेषज्ञ चिकित्सक (मूर्छक), जिन्हें आईसीयू संचालन के लिए योगदान किया गया था, अस्पताल में नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहते।

उनकी अनुपस्थिति और संभावित लापरवाही की जांच की मांग भी की गई है।इसी तरह अनुमंडलीय अस्पताल डुमरांव में वर्षों से तैयार 20 बेड का मदर न्यू बॉर्न केयर यूनिट का उद्घाटन 5 अगस्त 2025 को किया गया, लेकिन अब तक माताओं और नवजात शिशुओं को इसका लाभ नहीं मिल पाया है।अनशनकारी ने अस्पतालों में चिकित्सकों की अनुपस्थिति, फर्जी उपस्थिति, सीजेरियन ऑपरेशन और ब्लड बैंक की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सीसीटीवी कैमरों को चालू रखने की भी मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने तक उनका अनशन जारी रहेगा।

