अदालत कार्यों में लापरवाही पर एसपी सख्त
न्यायालय से जुड़े कार्यों में लगातार बरती जा रही लापरवाही को लेकर बक्सर पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बड़ा और सख्त कदम उठाया है। एसपी कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जिले के विभिन्न थानों और शाखाओं में कार्यरत 42 पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन सभी से स्पष्टीकरण मांगा गया है और चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कठोर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

--बक्सर पुलिस के 42 पदाधिकारी व कर्मियों से मांगा गया स्पष्टीकरण, संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर होगी कड़ी कार्रवाई
केटी न्यूज/बक्सर
न्यायालय से जुड़े कार्यों में लगातार बरती जा रही लापरवाही को लेकर बक्सर पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बड़ा और सख्त कदम उठाया है। एसपी कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जिले के विभिन्न थानों और शाखाओं में कार्यरत 42 पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन सभी से स्पष्टीकरण मांगा गया है और चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कठोर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि माननीय न्यायालय द्वारा मांगे गए कांड दैनिकी और संबंधित प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध नहीं कराए जाने के साथ-साथ न्यायालयीय कार्यों के निष्पादन में गंभीर उदासीनता बरती जा रही थी।

इसे पुलिस प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। समीक्षा के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि कई मामलों में न्यायालय से संबंधित कार्यों में अनावश्यक विलंब और लापरवाही की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं।एसपी शुभम आर्य ने इसे पुलिस व्यवस्था की कार्यशैली पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाला मामला बताते हुए संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार समीक्षा में यह भी पाया गया कि संबंधित पुलिसकर्मियों द्वारा न्यायालयीय मामलों के निष्पादन में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई गई, जिससे न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका बनी।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट संदेश दिया है कि न्यायालयीय कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया तो संबंधित अधिकारियों और कर्मियों के विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।इस कार्रवाई को बक्सर पुलिस प्रशासन की जवाबदेही और अनुशासन को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। पुलिस महकमे में एसपी की इस सख्ती के बाद हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।

