मोदी सरकार के 12 साल में बदली देश की तस्वीर और तकदीर : मंत्री संजय टाइगर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रविवार को जिला अतिथि गृह, बक्सर में भाजपा की ओर से प्रेसवार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम में बिहार सरकार के उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय टाइगर मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

--सबका साथ-सबका विकास के मंत्र से गरीब, किसान, महिला और युवाओं को मिला सशक्तिकरण, बक्सर में भाजपा की प्रेसवार्ता
केटी न्यूज/बक्सर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रविवार को जिला अतिथि गृह, बक्सर में भाजपा की ओर से प्रेसवार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम में बिहार सरकार के उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय टाइगर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। प्रेसवार्ता की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने की, जबकि संचालन जिला मीडिया प्रभारी उमाशंकर राय ने किया।पत्रकारों को संबोधित करते हुए मंत्री संजय टाइगर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण का नया अध्याय लिखा है। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकार के कार्यकाल का आंकड़ा नहीं, बल्कि भारत की बदलती तस्वीर और तकदीर की कहानी है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की सबसे बड़ी ताकत जनता का अटूट विश्वास है, जिसके बल पर लगातार तीसरी बार केंद्र में सरकार बनी।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने तीसरी बार शपथ लेने के बाद सबसे पहले प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से संबंधित फाइल पर हस्ताक्षर कर किसानों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” का मंत्र केवल नारा नहीं रहा, बल्कि जनआंदोलन का रूप ले चुका है।उन्होंने बताया कि जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों के बैंक खाते खोले गए, जिससे सरकारी योजनाओं की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रही है और बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है। उज्ज्वला योजना के तहत करोड़ों महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन, प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों परिवारों को पक्का मकान तथा आयुष्मान भारत योजना के तहत करोड़ों लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिला है।

संजय टाइगर ने कहा कि केंद्र सरकार ने कृषि, सड़क, रेलवे, शिक्षा, बिजली, पेयजल और रोजगार के क्षेत्र में व्यापक कार्य किए हैं। जल जीवन मिशन, पीएम विश्वकर्मा योजना तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन योजनाओं ने गरीबों, किसानों, महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने दावा किया कि देश की सीमाएं पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित हुई हैं और भारत वैश्विक स्तर पर मजबूत पहचान बना चुका है।प्रेसवार्ता में भाजपा नेता धनंजय त्रिगुण, पुनीत सिंह, निर्भय राय, संध्या पांडेय, दीपक पांडेय, रमेश गुप्ता, महावीर गुप्ता, सुनील सिंह, आशानंद सिंह, अविनाश पांडेय, भास्कर सिंह, ज्वाला सैनी, मनीष चौबे, तेज प्रताप छोटे समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

