राजस्व अधिकारी को फोन पर धमकी देना पड़ा भारी, युवक पर नामजद प्राथमिकी
सिमरी अंचल के राजस्व अधिकारी को मोबाइल फोन पर गाली-गलौज कर धमकी देने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मामले में कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस ने अरक गांव निवासी रितेश कुमार सिंह के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना 16 अगस्त की बताई जा रही है।

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म।
सिमरी अंचल के राजस्व अधिकारी को मोबाइल फोन पर गाली-गलौज कर धमकी देने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मामले में कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस ने अरक गांव निवासी रितेश कुमार सिंह के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना 16 अगस्त की बताई जा रही है।राजस्व अधिकारी द्वारा पुलिस को दिए गए लिखित बयान के मुताबिक, 16 अगस्त को आरोपित युवक ने मोबाइल फोन पर उनसे संपर्क किया। बातचीत के दौरान कथित तौर पर उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की गई। इसके बाद आरोपित ने उन्हें धमकी देते हुए सिमरी आने और सात दिनों के भीतर देख लेने की बात कही।

मोबाइल फोन पर मिली धमकी के बाद राजस्व अधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को दी। इसके बाद उन्होंने कृष्णाब्रह्म थाने में लिखित शिकायत देकर पूरे घटनाक्रम से पुलिस को अवगत कराया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपित युवक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में नामजद प्राथमिकी दर्ज की है।प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस अब मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि राजस्व अधिकारी को धमकी देने के पीछे आरोपित की मंशा क्या थी और फोन पर हुई बातचीत के दौरान वास्तव में क्या-क्या कहा गया। पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी में है।कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि राजस्व अधिकारी के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आरोपित के विरुद्ध आगे की कार्रवाई की जाएगी।

