नशे के खिलाफ युवाओं ने बुलंद की आवाज, विकसित भारत के संकल्प से जोड़ा अभियान
नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के खिलाफ युवाओं को जागरूक और समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से राजपुर प्रखंड मुख्यालय के कक्ष में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘मेरा युवा भारत’ के तत्वावधान में आयोजित ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान’ में युवाओं के साथ जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने भी नशे से दूर रहने का संकल्प लिया।

__ नशामुक्त समाज के लिए युवाओं ने ली सामूहिक शपथ, जनप्रतिनिधियों व शिक्षकों ने भी लिया जागरूकता फैलाने का संकल्प
केटी न्यूज/राजपुर।
नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के खिलाफ युवाओं को जागरूक और समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से राजपुर प्रखंड मुख्यालय के कक्ष में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘मेरा युवा भारत’ के तत्वावधान में आयोजित ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान’ में युवाओं के साथ जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने भी नशे से दूर रहने का संकल्प लिया।कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन से हुई। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री का संदेश सुना, जिसमें युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर देश के निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। संबोधन के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ ली।

बीपीआरओ अभिषेक पाठक के नेतृत्व और माय भारत वॉलंटियर अभय कुमार पासवान की मौजूदगी में युवाओं ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के हानिकारक और नशीले पदार्थों से दूर रहेंगे तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे। वक्ताओं ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार की खुशहाली और समाज की प्रगति पर भी प्रतिकूल असर डालता है। ऐसे में युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही नशामुक्त समाज के अभियान को मजबूत किया जा सकता है।कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के साथ ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।मौके पर मुखिया अनिल सिंह, शिक्षक अखिलेश कुमार राय, ओमप्रकाश सिंह, उमेश सिंह, तेजनारायण पाण्डेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

